योग स्वस्थ जीवन की कला और विज्ञान

international_yoga_day_2025
international_yoga_day_2025

प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने योग को अन्तर्राष्ट्रीय स्तर पर एक नई पहचान और सम्मान दिलाया

अलवर 18 जून। योग प्राचीन काल से ही भारत वर्ष की संस्कृति का अभिन्न अंग रहा है। योग ने मानवता के मूर्त और आध्यात्मिक दोनों रूपों को महत्त्वपूर्ण बनाकर स्वयं को सिद्ध किया है। इसी कड़ी में वर्ष 2025 में ‘एक पृथ्‍वी एक स्‍वास्‍थ्‍य’ विषय पर ग्‍यारहवां अन्‍तर्राष्‍ट्रीय योग दिवस मनाया जा रहा है।

21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के रूप में मनाने की पहल

प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने योग को अन्तर्राष्ट्रीय स्तर पर एक नई पहचान और सम्मान दिलाया है। प्रधानमंत्री श्री मोदी ने 2 सितंबर 2014 को संयुक्त राष्ट्र महासभा के 69 वें सत्र को संबोधित करते हुए विश्व समुदाय से अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाने का आह्वान किया था, इसी दिशा में आगे बढ़ते हुए 11 दिसंबर 2014 को संयुक्त राष्ट्र महासभा के सदस्य देशों ने 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के रूप में मनाने का संकल्प सर्वसम्मति अनुमोदित किया। इस प्रकार प्रथम अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस राजपथ, नई दिल्ली में 21 जून 2015 को मनाया गया।

योग की जीवन महत्वता

सार रूप में कहें तो योग आध्यात्मिक अनुशासन एवं अत्यंत सूक्ष्म विज्ञान पर आधारित ज्ञान है जो मन और शरीर के बीच सामंजस्य स्थापित करता है। यह स्वस्थ जीवन की कला एवं विज्ञान है। संस्कृत वाड्मय के अनुसार योग शब्द युज् धातु में घञ् प्रत्यय लगने से निष्पन्न हुआ है। पाणिनीय व्याकरण के अनुसार यह तीन अर्थों में प्रयुक्त होता है। (1.)- युज् समाधौ = समाधि (2.)- युजिर योगे = जोड़ (3)- युज् संयमने = सामंजस्य। यौगिक ग्रंथों के अनुसार, योग अभ्यास व्यक्तिगत चेतना को सार्वभौमिक चेतना के साथ एकाकार कर देता है। योग व्यक्ति की शारीरिक क्षमता, उसके मन, भावनाओं एवं ऊर्जा के स्तर के अनुरूप कार्य करता है। इसे व्यापक रूप से पांच वर्गों में विभाजित किया गया है जिसमें ज्ञान योग, भक्ति योग, कर्म योग, ध्यान योग एवं क्रिया योग सम्मिलित है। योग साधनाओं में यम, नियम, आसन, प्राणायाम, प्रत्याहार, धारणा, ध्यान, समाधि, बंध एवं मुद्रा, षटकर्म, युक्तहार, मंत्र-जप, युक्तकर्म आदि साधनाओं का अभ्यास सबसे अधिक किया जाता है।

21 जून को मुख्य कार्यक्रम इंदिरा गांधी स्टेडियम में होगा आयोजित

21 जून को प्रातः 7 बजे से प्रातः 8 बजे तक अलवर के इंदिरा गांधी स्टेडियम में अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस का मुख्य जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित होगा। कार्यक्रम में 6:30 बजे से प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के उद्बोधन का लाइव प्रसारण किया जाएगा। इसके अतिरिक्त कंपनी बाग, बायोडायवर्सिटी पार्क, मूसी महारानी छतरी एवं सरिस्का क्षेत्र में भी अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम आयोजित होंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here