मोदी सरकार ने एक दशक में विदेशी नीति को किया तहस— नहस, पड़ोसी देशों से भी बिगड़ रहे सम्बन्ध, चीन बढ़ा रहा एशिया में अपना प्रभुत्व

अलवर. कांग्रेस के राष्टीय महासचिव एवं पूर्व केन्द्रीय गृह व रक्षा राज्य मंत्री भंवर जितेन्द्र सिंह ने भाजपानीत मोदी सरकार की​ विदेशी नीति पर करारा हमला बोला है। उन्होंने  मिशन सच नेटवर्क के सीओओ विजय यादव से विशेष बातचीत में आरोप लगाया कि दस साल में मोदी सरकार की गलत नीतियों से भारत के पड़ोसी देशों से सम्बन्ध बिगड़ रहे हैं और चीन एशिया में अपना प्रभुत्व बढ़ा रहा है। यह विदेश नीति आगामी समय में नुकसानदेह हो सकती है। बांग्लादेश के ताजा घटनाक्रम को भी जितेन्द्र सिंह ने चिंताजनक बताया और कहा कि पड़ोसी देशों में होने वाले राजनी​तिक घटनाक्रम, कानून व्यवस्था एवं अन्य घटनाओं का भारत पर असर पड़ना तय है।

बांग्लादेश में जल्द होंगे चुनाव, बनेगी नई सरकार 

पूर्व केन्द्रीय मंत्री जितेन्द्र सिंह ने कहा कि बांग्लादेश में सेना का सरकार पर अधिग्रहण करना, प्रधानमंत्री शेख हसीना को अपदस्त करना चिंताजनक है। उम्मीद है कि बांग्लादेश में जल्द चुनाव होंगे और नई सरकार बनेगी। उन्होंने कहा कि भारत की सीमाएं बांग्लादेश से जुड़ी हैं और हजारों लोगों का बांग्लादेश व भारत में आना जाना भी रहता है। इस कारण वहां हो रहे घटनाक्रम का भारत पर असर पड़ना तय है।

बांग्लोदश के घटनाक्रम में विदेश का हाथ भी संभव

जितेन्द्र सिंह ने कहा कि बांग्लादेश के ताजा घटनाक्रम में किसी विदेशी का हाथ होने से भी इनकार नहीं किया जा सकता और शक की सुई चीन पर आकर टिकती है। कारण है कि चीन भारत के पड़ोसी देशों में अपनी घुसपैठ बढ़ाता जा रहा है। चीन का प्रयास एशिया में अपना प्रभुत्व बढ़ाने का है।

पड़ोसी देशों से भारत के सम्बन्ध मधुर नहीं रहे

मोदी सरकार के बीते 10 सालों के कार्यकाल में भारत की विदेश नीति फेल रही है। पड़ोसी देश नेपाल के भारत से सदियों पुराने सांस्कृतिक, धार्मिक सम्बन्ध रहे हैं। लेकिन पिछले कुछ सालों में नेपाल से भी सम्बन्ध मधुर नहीं रह पाए हैं। इसी तरह भूटान, श्रीलंका से भी सांस्कृतिक सम्बन्ध रहे हैं, लेकिन इन देशों में भी चीन अपना प्रभुत्व बढ़ा रहे हैं। इसी तरह एशिया के अन्य देशों में भी चीन अपना प्रभुत्व बढ़ा रहा है। इससे आगामी समय में भारत को खतरा हो सकता है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here