More
    Homeराज्ययूपीमासूम की हत्या से दहला यूपी, घर छोड़ने का बहाना बनाकर सिपाही...

    मासूम की हत्या से दहला यूपी, घर छोड़ने का बहाना बनाकर सिपाही ने किया अपहरण

    गोरखपुर| उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले में खाकी को शर्मसार करने वाली एक अत्यंत वीभत्स घटना सामने आई है। डायल-100 में तैनात एक सिपाही ने जिला अस्पताल से घर लौट रही 10 वर्षीय बच्ची का अपहरण कर उसकी निर्मम हत्या कर दी। पुलिस ने मूल रूप से गाजीपुर के रहने वाले आरोपी सिपाही को हिरासत میں ले लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। बच्ची का शव चिलुआताल के श्मशान घाट के पास बरामद हुआ है।

    खाना देने आई थी मासूम, वर्दी का फायदा उठाकर दिया वारदात को अंजाम

    पुलिस के अनुसार, आजमगढ़ के कप्तानगंज थाना क्षेत्र के एक गांव के रहने वाले पीड़ित पिता पिछले चार वर्षों से गोरखपुर में परिवार के साथ रहकर ई-रिक्शा चला रहे हैं। उनकी बड़ी बेटी की तबीयत खराब होने के कारण उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

    मंगलवार रात करीब साढ़े आठ बजे 10 वर्षीय बच्ची अपनी बड़ी बहन के लिए अस्पताल खाना लेकर पहुंची थी। बहन को खाना खिलाने के बाद वह रात करीब नौ बजे घर के लिए निकली, लेकिन घर नहीं पहुंची। काफी तलाश के बाद जब उसका कोई सुराग नहीं मिला, तो पुलिस को सूचना दी गई। सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर एक संदिग्ध युवक बच्ची को बाइक पर बैठाकर ले जाते हुए दिखाई दिया।

    सिपाही की पहले भी रही है आपराधिक पृष्ठभूमि

    जांच में पता चला कि आरोपी सिपाही करीब एक वर्ष पहले भी गंभीर मामलों में जांच के घेरे में आ चुका है। उस समय एक युवती से जुड़े मामले में उसे गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, जेल से छूटने के बाद आरोपी दोबारा इस जघन्य अपराध में शामिल हो गया।

    खाकी पर पहले भी लग चुके हैं दाग

    इस घटना ने एक बार फिर पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। गोरखपुर और आसपास के क्षेत्रों में पहले भी पुलिसकर्मियों पर आपराधिक मामलों में कार्रवाई हो चुकी है:

    • 03 फरवरी 2025: गोरखपुर रेलवे स्टेशन से एक दंपती को अगवा कर लूटपाट करने के मामले में सिपाही अभिषेक यादव को निलंबित कर गिरफ्तार किया गया था।

    • 09 अगस्त 2025: नौसड़ चौकी इंचार्ज पर राजस्थान के एक व्यापारी के अपहरण और लूटपाट का गंभीर आरोप लगा था।

    • 06 फरवरी 2024: खोराबार थाने के पूर्व चौकी प्रभारी समेत चार पर भ्रष्टाचार का केस दर्ज हुआ था।

    • 17 जनवरी 2024: पीपीगंज थाने के दारोगा और सिपाही को तस्कर को छोड़ने के एवज में रिश्वत लेने के आरोप में निलंबित किया गया था।

    • 22 नवंबर 2024: पिपराइच थाने में तैनात प्रशिक्षु महिला दारोगा को रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया गया था।

    • 01 अप्रैल 2024: बेनीगंज चौकी प्रभारी को व्यापारी के रुपये हड़पने के आरोप में जेल भेजा गया था।

    • 11 अक्टूबर 2023: शाहपुर पुलिस ने सम्मन सेल में तैनात दारोगा को भारी मात्रा में गांजे के साथ पकड़ा था।

    • 27 सितंबर 2021: गोरखपुर के रामगढ़ताल क्षेत्र में कानपुर के व्यापारी की पुलिसकर्मियों की पिटाई से मौत के मामले में थानेदार समेत छह पुलिसकर्मी जेल गए थे।

    • 21 जनवरी 2021: स्वर्ण व्यापारी का अपहरण कर सोना लूटने के मामले में पुलिसकर्मियों को गिरफ्तार किया गया था।

    • 25 दिसंबर 2020: चौरी चौरा थाना पुलिस ने दूसरे जिले में तैनात सिपाही को पशु तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किया था।

    • 22 मई 2019: मानसिक रोग विशेषज्ञ से रंगदारी वसूलने के मामले में राजघाट थाना पुलिस ने दारोगा को जेल भेजा था।

    • 18 दिसंबर 2017: उरुवा थाने के दो दारोगाओं को अपहरण और फिरौती वसूलने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था।

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here