स्कूली बच्चों की सुरक्षा के लिए बाल वाहिनियों की जांच, 29 अगस्त तक चलेगा विशेष अभियान
अलवर। स्कूली बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से अलवर में यातायात पुलिस और परिवहन विभाग ने संयुक्त रूप से विशेष अभियान शुरू किया है। इस अभियान के तहत बाल वाहिनियों (स्कूल वाहनों) की सघन जांच की जा रही है। निर्धारित क्षमता से अधिक बच्चों को बैठाने वाले वाहनों के साथ-साथ अन्य नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की जा रही है। यह अभियान 29 अगस्त तक जारी रहेगा।
परिवहन विभाग के निरीक्षक अमित भारद्वाज ने बताया कि संयुक्त अभियान के दौरान उन वाहनों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है, जिनमें क्षमता से अधिक बच्चों को बैठाया जा रहा है। इसके अलावा बिना वैध परमिट, समाप्त फिटनेस प्रमाणपत्र, अधूरे दस्तावेज और अन्य परिवहन नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ भी कार्रवाई की जा रही है।
यातायात अधिकारी मोहन सिंह ने बताया कि शहर के विभिन्न क्षेत्रों में संयुक्त टीमों की ओर से लगातार जांच अभियान चलाया जा रहा है। जांच के दौरान जिन बाल वाहिनियों में निर्धारित संख्या से अधिक बच्चे मिले, उनके संबंध में संबंधित विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को भी सूचना दी गई है।
उन्होंने कहा कि विद्यालय प्रशासन को यह सुनिश्चित करना होगा कि भविष्य में इस प्रकार की लापरवाही दोबारा न हो। साथ ही अभिभावकों से भी अपील की गई है कि वे अपने बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें और क्षमता से अधिक बच्चों को ले जाने वाले वाहनों का उपयोग न करें।
प्रशासन का कहना है कि इस अभियान का उद्देश्य केवल कार्रवाई करना नहीं, बल्कि विद्यालय संचालकों, वाहन चालकों और अभिभावकों को जागरूक बनाना भी है, ताकि बच्चों के लिए सुरक्षित और व्यवस्थित परिवहन व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके।
नियमों के उल्लंघन पर होगी कार्रवाई
अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों और संचालकों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाएगा कि स्कूल वाहन सुरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन करें।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


