जल संरक्षण को जन आंदोलन बनाने के लिए 3 अगस्त को आयोजित होंगे जल पूजन कार्यक्रम
अलवर। राज्य सरकार के निर्देशानुसार ‘कैच द रेन’ अभियान के तहत सावन के प्रथम सोमवार यानी 3 अगस्त 2026 को जिलेभर में ‘जल पूजन’ एवं वर्षा जल संचयन जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों के माध्यम से आमजन को जल संरक्षण और वर्षा जल के अधिकतम संचयन के प्रति जागरूक किया जाएगा।
जिला कलक्टर डॉ. आर्तिका शुक्ला ने बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य वर्षा जल का अधिक से अधिक संग्रहण करना, भू-जल स्तर को बढ़ाना और जल संरक्षण को जन आंदोलन का रूप देना है। इसके लिए विभिन्न सरकारी विभागों, नगरीय निकायों, ग्राम पंचायतों, शैक्षणिक संस्थानों, स्वयंसेवी संगठनों और सामाजिक संस्थाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रमों के दौरान वर्षा जल संचयन, पारंपरिक जल स्रोतों के संरक्षण, जल संरचनाओं के रखरखाव और जल की बचत से जुड़े विषयों पर लोगों को जागरूक किया जाएगा। साथ ही जल संरक्षण से संबंधित गतिविधियों का आयोजन भी किया जाएगा।
जिला कलक्टर ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करें और अधिक से अधिक लोगों को इससे जोड़ें। उन्होंने यह भी कहा कि कार्यक्रमों से संबंधित तस्वीरें और गतिविधियों का संक्षिप्त विवरण निर्धारित प्रक्रिया के तहत समय पर उपलब्ध कराया जाए।
डॉ. शुक्ला ने जिलेवासियों से अपील करते हुए कहा कि जल संरक्षण केवल सरकार की नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से वर्षा जल संचयन और जल स्रोतों के संरक्षण में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क

