More
    Homeराजस्थानजयपुरजवाहर सर्किल में नया मल्टी-यूज अर्बन स्पेस विकसित करेगा JDA

    जवाहर सर्किल में नया मल्टी-यूज अर्बन स्पेस विकसित करेगा JDA

    जयपुर। राजधानी का सबसे लोकप्रिय सार्वजनिक स्थल जवाहर सर्किल अब सिर्फ मॉर्निंग वॉक या फाउंटेन शो तक सीमित नहीं रहेगा। जयपुर विकास प्राधिकरण (जेडीए) इसे हरियाली, पर्यटन और खेल सुविधाओं से लैस एक सर्वसुविधायुक्त अर्बन स्पेस के रूप में विकसित करने जा रहा है। इसके लिए जेडीए की ओर से रोज गार्डन, आधुनिक नर्सरी और अत्याधुनिक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के निर्माण के टेंडर जारी कर दिए गए हैं।

    8 हजार वर्गमीटर में आकार लेंगी दो बड़ी हरित परियोजनाएं

    राज्य सरकार के 'हरियालो राजस्थान' अभियान के तहत इस योजना पर काम शुरू किया जा रहा है। इसके अंतर्गत सबसे पहले लगभग 8 हजार वर्गमीटर क्षेत्र में दो बड़े हरित प्रोजेक्ट तैयार किए जाएंगे। योजना के अनुसार, 4 हजार वर्गमीटर क्षेत्र में एक खूबसूरत रोज गार्डन और बाकी बचे 4 हजार वर्गमीटर में एक आधुनिक नर्सरी का निर्माण किया जाएगा।

    रोज गार्डन में महकेंगी देशी और बहुरंगी गुलाब की किस्में

    प्रस्तावित रोज गार्डन में कुल 4 हजार गुलाब के पौधे रोपे जाएंगे। इनमें 3 हजार विभिन्न रंगों के ग्राफ्टेड (मल्टीकलर) गुलाब और 1 हजार गंगानगर किस्म के देशी गुलाब शामिल होंगे। इस पहल का मुख्य उद्देश्य शहर के मध्य एक ऐसा आकर्षक पुष्प उद्यान विकसित करना है, जो स्थानीय निवासियों के साथ-साथ पर्यटकों के लिए भी खिंचाव का केंद्र बन सके।

    आधुनिक नर्सरी और स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स से निखरेगी जवाहर सर्किल की पहचान

    इसी परिसर में बनने वाली नर्सरी में 32 प्रजातियों के करीब 3 हजार पौधे लगाए जाएंगे, जिनमें 2 हजार सजावटी और 1 हजार फलदार पौधे होंगे। यह नर्सरी जैव विविधता बढ़ाने और पौधों के संरक्षण का केंद्र बनेगी। इसके साथ ही, परियोजना का तीसरा प्रमुख आकर्षण अत्याधुनिक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स होगा, जहाँ युवाओं और खेल प्रेमियों को बेहतरीन प्रशिक्षण व अभ्यास की सुविधाएं मिलेंगी। जेडीए प्रशासन के अनुसार, इस पूरे कायाकल्प का मकसद शहर के ग्रीन इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करना और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देना है।

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here