केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह अलवर दौरे पर रहेंगे। सरस डेयरी मैदान में आयोजित जनसभा में विकास कार्यों का लोकार्पण-शिलान्यास संभावित, तैयारियों का जायजा लेने पहुंचे मंत्री संजय शर्मा
अलवर। अमित शाह 16 अगस्त को अलवर दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे सरस डेयरी मैदान में आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। कार्यक्रम में भूपेंद्र यादव तथा भजनलाल शर्मा भी मौजूद रहेंगे। इस अवसर पर जिले से जुड़े सैकड़ों करोड़ रुपये के विकास कार्यों के लोकार्पण एवं शिलान्यास की संभावना है।
विकास परियोजनाओं की मिल सकती है सौगात
प्रस्तावित दौरे के दौरान अलवर जिले को कई महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं की सौगात मिलने की उम्मीद है। जनसभा के माध्यम से केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न विकास योजनाओं की जानकारी भी आमजन तक पहुंचाई जाएगी।
तैयारियों का मंत्री संजय शर्मा ने लिया जायजा
गृह मंत्री के प्रस्तावित दौरे को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। संजय शर्मा ने मंगलवार को सरस डेयरी परिसर में अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक कर कार्यक्रम की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की।
बैठक में मंच व्यवस्था, सुरक्षा, यातायात, पार्किंग, पेयजल, बिजली, चिकित्सा सुविधा, साफ-सफाई तथा आमजन की आवाजाही सहित सभी व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों को सभी तैयारियां समयबद्ध और व्यवस्थित रूप से पूरी करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में रहे जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद
बैठक में सरस डेयरी चेयरमैन नितिन सांगवान, जिला प्रमुख बलवीर छिल्लर, भाजपा जिलाध्यक्ष अशोक गुप्ता, भाजपा जिलाध्यक्ष महासिंह चौधरी सहित पार्टी पदाधिकारी एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।
जिला कलेक्टर डॉ. आर्तिका शुक्ला ने भी कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर विभिन्न विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
सुरक्षा और यातायात पर विशेष फोकस
प्रशासन और भाजपा संगठन कार्यक्रम को सफल बनाने की तैयारियों में जुटे हैं। बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की संभावना को देखते हुए सुरक्षा, यातायात और पार्किंग की विशेष व्यवस्था की जा रही है, ताकि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


