भोपाल: मध्य प्रदेश में इन दिनों मौसम का अलग-अलग मिजाज देखने को मिल रहा है। राज्य के कुछ हिस्सों में तेज बारिश हो रही है, तो वहीं राजधानी भोपाल सहित कई इलाकों में धूप-छांव के बीच केवल हल्की बौछारें ही पड़ रही हैं। मौसम विभाग ने बुधवार को प्रदेश के पूर्वी हिस्सों में मूसलाधार बारिश का अलर्ट जारी किया है।
पूर्वी मध्य प्रदेश के जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार, राज्य के पूर्वी अंचल में मानसून अधिक सक्रिय रहेगा। विशेष रूप से टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, सतना, मैहर, रीवा, मऊगंज, सीधी और सिंगरौली जिलों में भारी से अति भारी वर्षा की संभावना जताई गई है। इसके अतिरिक्त भोपाल, इंदौर, उज्जैन, जबलपुर, ग्वालियर, नर्मदापुरम और सागर संभाग के जिलों सहित प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बौछारें पड़ सकती हैं।
छतरपुर में दर्ज की गई सर्वाधिक वर्षा
हालिया आंकड़ों के मुताबिक बीते मंगलवार को प्रदेश में सबसे अधिक 42 मिलीमीटर बारिश छतरपुर के नौगांव में दर्ज की गई। इसके अलावा रीवा में 12 मिलीमीटर और उज्जैन में 11 मिलीमीटर वर्षा हुई। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि पश्चिमी और मध्य इलाकों में फिलहाल हल्की बूंदाबांदी का दौर ही जारी रहने के आसार हैं।
मानसून कोटा 18% घटा, बारिश में कमी
इस मानसून सीजन में मजबूत वेदर सिस्टम एक्टिव न होने के कारण बारिश का ग्राफ लगातार गिरता जा रहा है। मौसम विभाग के ताजा आंकड़ों के अनुसार, प्रदेश में ओवरऑल बारिश का आंकड़ा सामान्य से लगभग 18 प्रतिशत नीचे यानी माइनस में चला गया है। चालू सीजन में अब तक औसत से करीब साढे़ तीन इंच कम बारिश दर्ज की गई है।


