खैरथल में ‘ट्रांसफॉर्मेटिव ट्यूजडे’ अभियान के तहत बच्चों को बताए अधिकार, 1098 हेल्पलाइन और कानून की जानकारी
खैरथल। राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देश पर संचालित ‘ट्रांसफॉर्मेटिव ट्यूजडे’ अभियान के तहत न्यायिक अधिकारियों ने जिले के विभिन्न विद्यालयों में पहुंचकर बच्चों को उनके अधिकारों, सुरक्षा और कानूनी संरक्षण की जानकारी दी। अधिकारियों ने स्पष्ट संदेश दिया कि यदि किसी भी बच्चे के साथ किसी प्रकार की गलत घटना होती है तो वह बिना डरे तुरंत 1098 बाल सहायता सेवा पर संपर्क करे तथा शिक्षक, अभिभावक या किसी भरोसेमंद व्यक्ति को इसकी जानकारी दे।
विधिक सेवा प्राधिकरण सचिव एवं अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश अजीत कुड़ी के नेतृत्व में यह जागरूकता अभियान जिला एवं सत्र न्यायाधीश शैलेन्द्र व्यास के निर्देशन में खैरथल, भिवाड़ी, किशनगढ़बास, कोटकासिम, मुंडावर और तिजारा क्षेत्र के विद्यालयों में आयोजित किया गया। अभियान के दौरान हजारों छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और विद्यालय स्टाफ को बच्चों के अधिकारों और सुरक्षा संबंधी कानूनों की जानकारी दी गई।
दुर्व्यवहार के हर रूप को पहचानने की दी सीख
खैरथल स्थित एनडी गंगा उच्च माध्यमिक विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश अजीत कुड़ी ने विद्यार्थियों को बाल लैंगिक अपराधों से संरक्षण अधिनियम (पोक्सो), किशोर न्याय अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता-2023 के प्रमुख प्रावधानों की सरल भाषा में जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि दुर्व्यवहार केवल शारीरिक हिंसा तक सीमित नहीं है। शारीरिक, यौन, मानसिक और भावनात्मक प्रताड़ना भी गंभीर अपराध की श्रेणी में आती है। अनुचित तरीके से छूना, डराना-धमकाना, लगातार अपमानित करना, बार-बार ताने देना या मानसिक प्रताड़ना देना भी अपराध है और इसे कभी सामान्य नहीं समझना चाहिए।
1098 पर मिलेगी तत्काल सहायता
अजीत कुड़ी ने विद्यार्थियों को बताया कि किसी भी आपात स्थिति में 1098 बाल सहायता सेवा पर तुरंत संपर्क किया जा सकता है। उन्होंने यह भी बताया कि राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण पीड़ित बच्चों को निःशुल्क कानूनी सहायता, परामर्श, सुरक्षित आश्रय और आवश्यक चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराता है।
कार्यक्रम में प्राधिकरण के कनिष्ठ सहायक रविन्द्र कुमार, पीएलवी सूरजभान कछवाहा, सुप्रिया जोशी तथा विद्यालय संचालक कपिल शर्मा भी उपस्थित रहे।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


