न्यायालय, उपखंड कार्यालय और पंचायत समिति भवन में निरीक्षण, सीलन, रिसाव और गंदगी पर तत्काल मरम्मत व सफाई के दिए निर्देश
किशनगढ़बास। लगातार हो रही बारिश के बीच न्यायालय और विभिन्न सरकारी कार्यालयों की बदहाल स्थिति सामने आने पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (डीएलएसए) के सचिव एवं अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश अजीत कुड़ी ने नगर पालिका और संबंधित विभागों को फटकार लगाई। निरीक्षण के दौरान न्यायालय, उपखंड कार्यालय और पंचायत समिति भवन की छतों से पानी टपकता मिला, जबकि दीवारों में सीलन, परिसर में गंदगी और अवरुद्ध नालियां भी पाई गईं।
न्यायालय में टपकती छत और सीलन पर जताई नाराजगी
शुक्रवार सुबह से हो रही बारिश के दौरान डीएलएसए सचिव अजीत कुड़ी न्यायालय परिसर पहुंचे। यहां उन्होंने देखा कि न्यायालय की छत से पानी टपक रहा है तथा दीवारों में सीलन आने से भवन को नुकसान पहुंच रहा है। स्थिति को गंभीर मानते हुए उन्होंने तत्काल निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को मौके पर बुलाया।
इसके बाद एसडीएम सत्यवीर यादव और नगर पालिका के कनिष्ठ अभियंता रवि कुमार के साथ जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कार्यालय, उपखंड कार्यालय और पंचायत समिति भवन का भी निरीक्षण किया।
भवनों में रिसाव और गंदगी पर दिए सख्त निर्देश
निरीक्षण के दौरान दूसरी मंजिल से कई स्थानों पर पानी का रिसाव पाया गया, जिससे दीवारों में क्षति और सीलन की स्थिति बन गई। इस पर न्यायाधीश ने नगर पालिका प्रशासन को शीघ्र मरम्मत कार्य शुरू कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि यदि समय रहते आवश्यक मरम्मत नहीं कराई गई तो भवनों को अधिक नुकसान पहुंच सकता है और न्यायिक तथा प्रशासनिक कार्य प्रभावित हो सकते हैं।
सफाई, नालियों और बिजली व्यवस्था सुधारने के निर्देश
निरीक्षण के दौरान सरकारी कार्यालयों के बाहर गंदगी, कचरे के ढेर, अवरुद्ध नालियां तथा खुले बिजली के तार भी पाए गए। इस पर डीएलएसए सचिव ने नाराजगी व्यक्त करते हुए नगर पालिका को तत्काल व्यापक सफाई अभियान चलाने, कचरा हटाने, नालियों की सफाई कराने तथा खुले बिजली के तार सुरक्षित कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि मानसून के दौरान सरकारी भवनों की सुरक्षा, स्वच्छता और नियमित रखरखाव प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। सुरक्षित और सुव्यवस्थित भवनों में ही न्यायिक और प्रशासनिक कार्य सुचारु रूप से संचालित हो सकते हैं।
अनुपालन रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश
अजीत कुड़ी ने संबंधित विभागों को निरीक्षण के दौरान चिन्हित सभी कमियों का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने तथा निर्धारित समय में अनुपालन रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


