More
    Homeधर्म-समाजसांवलियाजी सेठ मंदिर में बदलेगी चढ़ावा गिनने की व्यवस्था, कर्मचारियों को पहनने...

    सांवलियाजी सेठ मंदिर में बदलेगी चढ़ावा गिनने की व्यवस्था, कर्मचारियों को पहनने होंगे बिना जेब के कपड़े

    राजस्थान के प्रमुख धार्मिक स्थलों में शामिल चित्तौड़गढ़ के श्री सांवलियाजी मंदिर और नाथद्वारा के श्रीनाथजी मंदिर में चढ़ावे की गिनती व्यवस्था को पहले से अधिक पारदर्शी, सुरक्षित और तकनीक आधारित बनाने की तैयारी शुरू हो गई है. हाल के दिनों में अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावे की गिनती और पारदर्शिता को लेकर उठे सवालों के बाद अब राजस्थान के इन दोनों बड़े मंदिरों में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने का फैसला लिया गया है. बढ़ती दानराशि और करोड़ों श्रद्धालुओं के विश्वास को देखते हुए मंदिर प्रबंधन आधुनिक तकनीक, कड़ी निगरानी और सख्त प्रशासनिक व्यवस्था लागू करने जा रहा है.

    श्री सांवलियाजी मंदिर में नोटों की गिनती करने वाले कर्मचारियों के लिए बिना जेब वाले विशेष कपड़े लागू करने की तैयारी है, ताकि किसी भी तरह की गड़बड़ी या संदेह की गुंजाइश खत्म हो सके. वहीं गणना कक्ष के बाहर डोर फ्रेम मेटल डिटेक्टर लगाया जाएगा और पूरी प्रक्रिया पर सीसीटीवी कंट्रोल रूम से लगातार नजर रखी जाएगी. दूसरी ओर नाथद्वारा स्थित श्रीनाथजी मंदिर में स्थानीय प्रतिष्ठित लोगों को शामिल कर नई समिति बनाने, चार-स्तरीय ऑडिट सिस्टम को और मजबूत करने तथा निगरानी व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में काम शुरू हो गया है. दोनों मंदिरों में किए जा रहे ये बदलाव श्रद्धालुओं के विश्वास को और मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम माने जा रहे हैं.
    सांवलियाजी मंदिर में बिना जेब वाले कपड़े पहनेंगे कर्मचारी

    श्री सांवलियाजी मंदिर मंडल के अध्यक्ष हजारीदास वैष्णव ने बताया कि चढ़ावे की गणना में शामिल कर्मचारियों के लिए बिना जेब वाले कपड़े लागू करने की तैयारी की जा रही है. गणना कक्ष के बाहर डोर फ्रेम मेटल डिटेक्टर सिस्टम लगाया जाएगा, जिससे कोई भी व्यक्ति धातु या संदिग्ध वस्तु अंदर-बाहर नहीं ले जा सके. जरूरत के अनुसार नई तकनीकों और एक्सपर्ट के सुझावों को भी व्यवस्था में शामिल किया जाएगा. सीसीटीवी कंट्रोल रूम से निगरानी और अधिक मजबूत की जाएगी.

    वीडियो कैमरों की निगरानी में होती है पूरी गणना
    वर्तमान में मंदिर के सीईओ एवं एडीएम दिनेशचंद्र धाकड़ की देखरेख में गणना प्रक्रिया पूरी होती है. पहले नोटों की गिनती जमीन पर की जाती थी, लेकिन अब करीब 4 फीट चौड़ी और 6 इंच ऊंची विशेष टेबल पर नोट रखकर गिनती की जाती है. गिने गए नोट उसी दिन बैंक स्टाफ अपने सुपुर्द लेकर बैंक में जमा करता है. गणना कक्ष में कई सीसीटीवी और वीडियो कैमरे लगे हैं. सोने-चांदी की प्रत्येक भेंट पर तुरंत रसीद भी जारी की जाती है.
    हर महीने 35 करोड़ तक का चढ़ावा, एक साल में 101 करोड़ की बढ़ोतरी
    सांवलियाजी मंदिर में हर अमावस्या से पहले चढ़ावे की गणना शुरू होती है, जो करीब 5 से 7 दिन तक चलती है. मंदिर में हर महीने औसतन 35 करोड़ रुपये तक नकद चढ़ावा आता है. वित्त वर्ष 2025-26 में मंदिर को नकद और ऑनलाइन मिलाकर 337.66 करोड़ रुपये का चढ़ावा मिला, जबकि 2024-25 में यह राशि 235.96 करोड़ रुपये थी. यानी एक साल में करीब 101.70 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी दर्ज हुई. इसके अलावा श्रद्धालुओं ने करीब 11 किलो सोना और 1000 किलो चांदी भी भेंट की.
    श्रीनाथजी मंदिर में बनेगी नई समिति, चार स्तर पर होगी जांच
    नाथद्वारा स्थित श्रीनाथजी मंदिर में भी चढ़ावे की गणना प्रणाली को और पारदर्शी बनाने की तैयारी है. मंदिर मंडल स्थानीय प्रतिष्ठित लोगों को शामिल कर नई समिति गठित करने का प्रस्ताव तैयार कर रहा है, जिस पर बोर्ड की मंजूरी के बाद अंतिम निर्णय लिया जाएगा. वर्तमान में यहां चार सुरक्षा गार्ड, दो गणना प्रभारी और चार मशीन ऑपरेटर की मौजूदगी में नोटों की गिनती होती है. एक टीम नोट गिनती है, दूसरी टीम मशीन से दोबारा सत्यापन करती है. इसके बाद बाहरी जांच होती है और अंत में राज्य सरकार द्वारा नियुक्त वैधानिक ऑडिटर पूरी प्रक्रिया का ऑडिट करते हैं.

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here