More
    Homeराज्ययूपीयूपी में भ्रष्टाचार के आरोपों पर गरमाई सियासत, विपक्ष बोला- जनता 2027...

    यूपी में भ्रष्टाचार के आरोपों पर गरमाई सियासत, विपक्ष बोला- जनता 2027 में देगी जवाब

    लखनऊ: समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने प्रदेश की भाजपा सरकार पर जोरदार हमला बोलते हुए आरोप लगाया है कि राज्य में बजट की भारी लूट चल रही है और हर विभाग भ्रष्टाचार, घोटालों और घपलों का शिकार हो चुका है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता 2027 के आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा को सत्ता से बेदखल कर इस भ्रष्टाचारी शासन का अंत कर देगी।

    सड़कों और लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेस-वे में भ्रष्टाचार का आरोप

    सपा प्रमुख ने जारी बयान में कहा कि भाजपा सरकार में निर्माण कार्यों में भ्रष्टाचार के तमाम रिकॉर्ड टूट चुके हैं। उन्होंने नव-निर्मित लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेस-वे का उदाहरण देते हुए कहा कि निर्माण मानकों की अनदेखी के कारण सबसे महंगा एक्सप्रेस-वे कई स्थानों पर धंस गया है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में बनी अन्य सड़कों का भी यही हाल है और घटिया निर्माण सामग्री के इस्तेमाल से सरकार के दावों की पोल खुल रही है।

    'जल जीवन मिशन' को बताया लूट का मिशन

    जल जीवन मिशन पर सरकार को घेरते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि यह योजना पूरी तरह से भ्रष्टाचार और लूट का माध्यम बन गई है। उन्होंने तंज कसा कि प्रदेश में बनाई गईं कई पानी की टंकियाँ या तो भरते ही क्षतिग्रस्त हो गईं या ढह गईं। पानी की टंकियाँ भाजपा सरकार में व्याप्त भ्रष्टाचार का बोझ भी सहन नहीं कर पा रही हैं। उन्होंने कहा कि विकास के नाम पर जनता को केवल धोखा दिया गया है।

    किसानों को खाद का संकट और बदहाल स्वास्थ्य सेवाएं

    अखिलेश यादव ने किसानों और मरीजों की समस्याओं को उजागर करते हुए कहा कि राज्य का हर वर्ग सरकार की नीतियों से निराश है। किसान समय पर डीएपी और यूरिया खाद न मिलने के कारण भटकने को मजबूर हैं। वहीं, प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाएँ वेंटिलेटर पर हैं; मेडिकल कॉलेजों के नाम पर केवल इमारतें खड़ी की गई हैं, जहाँ डॉक्टरों, प्रोफेसरों और तकनीकी कर्मचारियों का भारी अभाव है। इसके चलते गरीब मरीजों को इलाज के लिए निजी अस्पतालों का रुख करना पड़ रहा है।

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here