More
    Homeराजस्थानअलवरस्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर देशभक्ति से सराबोर हुआ अलवर, 147...

    स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर देशभक्ति से सराबोर हुआ अलवर, 147 विद्यार्थियों ने दी शानदार प्रस्तुतियां

    सांस्कृतिक कार्यक्रम में गूंजे देशभक्ति के गीत, घूमर से लेकर महाराणा प्रताप की शौर्यगाथा ने मोहा मन

    अलवर। 80वें स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर अलवर देशभक्ति और राजस्थान की लोक संस्कृति के रंग में रंगा नजर आया। जिला प्रशासन अलवर की ओर से 14 अगस्त को आयोजित विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम में जिले के विभिन्न सरकारी एवं निजी विद्यालयों के विद्यार्थियों ने गीत, नृत्य, नृत्य-नाटिका और वाद्य प्रस्तुतियों के माध्यम से राष्ट्रप्रेम, वीरता, राष्ट्रीय एकता और सांस्कृतिक विरासत का संदेश दिया।

    कार्यक्रम का आयोजन महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय नवायास, अलवर के प्रधानाचार्य के संयोजन में किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। इसके बाद राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय एसएमडी अलवर की छात्राओं ने सरस्वती पूजन एवं वंदना प्रस्तुत की। महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय नवायास के विद्यार्थियों ने वंदे मातरम् की प्रस्तुति देकर पूरे वातावरण को देशभक्ति से ओतप्रोत कर दिया।

    कार्यक्रम में किडजी स्कूल मोती डूंगरी अलवर के विद्यार्थियों ने इंस्ट्रूमेंटल प्रस्तुति दी। श्री ओसवाल उच्च माध्यमिक विद्यालय के विद्यार्थियों ने ‘विजयी भव:’ समूह नृत्य प्रस्तुत किया। वहीं राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय एसएमडी की छात्राओं ने घूमर लोक नृत्य के माध्यम से राजस्थान की समृद्ध लोक संस्कृति की मनमोहक झलक पेश की।

    राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय नवायास की छात्राओं ने ‘लबेरिया’ समूह नृत्य प्रस्तुत किया। मैत्रेयी बाईसा एकेडमी अलवर की छात्राओं ने घूमरदार लहंगों में समूह नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं।

    बाल भारती सेकेंडरी स्कूल आय नगर के विद्यार्थियों ने महाराणा प्रताप की शौर्य गाथा पर आधारित नृत्य-नाटिका प्रस्तुत की। प्रस्तुति के माध्यम से विद्यार्थियों ने वीरता, त्याग और राष्ट्र गौरव का संदेश दिया।

    महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय नवायास के विद्यार्थियों ने ‘देश रंगीला’ प्रस्तुति दी, जबकि ओसवाल पब्लिक स्कूल अलवर की ओर से ‘जय भारती’ समूह नृत्य प्रस्तुत किया गया। दोनों प्रस्तुतियां कार्यक्रम के प्रमुख आकर्षण रहीं।

    राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय देवी जी की गली की छात्राओं ने ‘सावन लागो जी’ पर समूह नृत्य प्रस्तुत कर लोक संस्कृति की रंगत बिखेरी। वहीं बाल भारती पब्लिक स्कूल गांधी नगर की छात्राओं ने नारी शक्ति विषय पर नृत्य-नाटिका प्रस्तुत कर महिला सशक्तिकरण का संदेश दिया।

    श्रीरामगोपाल खन्ना राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय की छात्राओं ने ‘बूंद-बूंद से मिलकर बने लहर’ विषय पर समूह नृत्य प्रस्तुत किया। आर्य बालिका उच्च माध्यमिक ए.डी. मार्ग विद्यालय की छात्राओं ने ‘आ चलती रहे देश की हवाएं’ समूह नृत्य के माध्यम से राष्ट्रप्रेम की भावना को अभिव्यक्त किया।

    विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम में 14 विद्यालयों के कुल 147 विद्यार्थियों ने विभिन्न प्रस्तुतियों में भाग लिया। कार्यक्रम में देशभक्ति, राजस्थान की लोक संस्कृति, वीरता, नारी शक्ति और राष्ट्रीय एकता जैसे विषय प्रमुखता से उभरकर सामने आए।

    स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर आयोजित इस आयोजन ने विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का मंच देने के साथ ही दर्शकों में राष्ट्रप्रेम और सांस्कृतिक चेतना की भावना भी जागृत की।

    कार्यक्रम का समापन महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय नवायास के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत राष्ट्रगान के साथ हुआ। राष्ट्रगान के दौरान पूरा वातावरण देशभक्ति की भावना से भर गया।

    मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
    https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1

    अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क

    https://missionsach.com/category/india

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here