More
    Homeराज्यछत्तीसगढ़गर्लफ्रेंड से झगड़ रहा था युवक, साथी ने कार चढ़ा दी; मौके...

    गर्लफ्रेंड से झगड़ रहा था युवक, साथी ने कार चढ़ा दी; मौके पर गई जान

    रायपुर: आमानाका थाना क्षेत्र के अंतर्गत एम्स (AIIMS) के सामने सरेराह हुई एक दिल दहला देने वाली घटना में एक ऑटो पार्ट्स कारोबारी की दर्दनाक मौत हो गई। मिली जानकारी के अनुसार, मृतक परमप्रीत सिंह (33), जो टाटीबंध स्थित उदया सोसायटी का निवासी था, ने अपनी मंगेतर को एक अन्य युवक के साथ कार में घूमते हुए देखा। इसके बाद परमप्रीत ने उन्हें रोककर युवती से सड़क पर झगड़ा शुरू कर दिया। इस दौरान युवती के साथ मौजूद कार चालक भरत मंगनानी (निवासी दुर्ग-भिलाई) ने परमप्रीत को अपनी तेज रफ्तार कार से रौंद दिया और मौके से फरार हो गया।

    क्या है पूरा मामला?

    पुलिस के अनुसार, घटना शनिवार शाम करीब साढ़े 4 बजे की है। मृतक परमप्रीत सिंह की भिलाई निवासी युवती से दोस्ती थी और दोनों का रिश्ता (सगाई) तय होने वाला था। जब परमप्रीत ने अपनी मंगेतर को आरोपी भरत मंगनानी के साथ कार में देखा, तो उसने गाड़ी रुकवाकर युवती से बहस करना शुरू कर दिया। युवती कार से नीचे उतर गई, लेकिन इसी बीच विवाद बढ़ने लगा और वहां भीड़ जमा हो गई। भीड़ को देखते हुए आरोपी भरत मंगनानी ने अपनी कार से परमप्रीत को टक्कर मार दी।

    दो बार टक्कर मारकर की हत्या

    आमानाका पुलिस ने बताया कि आरोपी ने बेहद क्रूरता से घटना को अंजाम दिया। कार की टक्कर के बाद जब परमप्रीत बचने के लिए गाड़ी की छत पर चढ़ गया, तो आरोपी ने गाड़ी नहीं रोकी। वह कुछ दूरी तक तेजी से कार चलाता रहा, जिससे परमप्रीत नीचे गिर गया। इसके बाद आरोपी ने दोबारा उसके ऊपर कार चढ़ा दी, जिससे परमप्रीत की मौके पर ही मौत हो गई।

    इस घटना के बाद हमलावर अपनी कार लेकर घटनास्थल से फरार हो गया। पुलिस ने प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और युवती से मिली जानकारी के आधार पर दुर्ग-भिलाई निवासी आरोपी भरत मंगनानी के खिलाफ हत्या (302) का मामला दर्ज कर लिया है। मृतक के शव को एम्स (AIIMS) में रखा गया है, जहां शनिवार को पंचनामा और पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। एडिशनल डीसीपी राहुलदेव शर्मा और एसीपी देवांश सिंह राठौर के नेतृत्व में आमानाका थाना प्रभारी सुधांशु बघेल की टीम आरोपी की सरगर्मी से तलाश कर रही है।

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here