सम्मेद शिखरजी की पवित्रता बनाए रखने और नशीले पदार्थों की बिक्री पर रोक की मांग, केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव बोले- जैन धर्म के सिद्धांत पूरी दुनिया के लिए प्रासंगिक
नौगांवा। केंद्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव और रामगढ़ विधायक ने नौगांवा में चल रहे 34वें चातुर्मास के अवसर पर जैन मंदिर पहुंचकर आचार्य श्री 108 ज्ञानभूषण मुनिराज ससंघ एवं क्षुल्लिका ज्ञानगंगा माताजी के दर्शन किए और उनका मंगल आशीर्वाद प्राप्त किया। सकल दिगंबर जैन समाज की ओर से केंद्रीय मंत्री एवं रामगढ़ विधायक का स्वागत किया गया।
इस दौरान जैन समाज ने झारखंड स्थित जैन धर्म के प्रमुख तीर्थ सम्मेद शिखरजी की पवित्रता और श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़े मुद्दे केंद्रीय मंत्री के समक्ष रखे।
सम्मेद शिखरजी की पवित्रता को लेकर मांग
सकल जैन समाज नौगांवा ने केंद्रीय मंत्री के समक्ष सम्मेद शिखरजी क्षेत्र के आसपास नशीले पदार्थों की बिक्री पर रोक लगाने तथा असामाजिक तत्वों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की मांग रखी।
जैन समाज की ओर से कहा गया कि सम्मेद शिखरजी जैन धर्म का अत्यंत महत्वपूर्ण तीर्थस्थल है। इसकी धार्मिक पवित्रता और गरिमा बनाए रखने के लिए क्षेत्र में आवश्यक सुरक्षा एवं निगरानी व्यवस्था मजबूत की जानी चाहिए।
रामगढ़-अलवर से सम्मेद शिखरजी तक सीधी रेल की मांग
अलवर जिले के जैन समाज की ओर से रामगढ़-अलवर से सम्मेद शिखरजी तक सीधी रेल सेवा शुरू करने की मांग भी केंद्रीय मंत्री के समक्ष रखी गई।
समाज के प्रतिनिधियों ने कहा कि क्षेत्र से बड़ी संख्या में श्रद्धालु सम्मेद शिखरजी की यात्रा करते हैं। सीधी रेल सेवा उपलब्ध होने से यात्रियों को सुविधा मिलेगी और तीर्थयात्रा अधिक सुगम हो सकेगी।
‘अहिंसा का मार्ग समाज के लिए सृजनात्मक’
केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने जैन धर्म के सिद्धांतों की सराहना करते हुए कहा कि अहिंसा, सत्य, संयम और त्याग जैसे सिद्धांत आज पूरी दुनिया के लिए बेहद प्रासंगिक हैं।
उन्होंने कहा कि अहिंसा जैन धर्म का महत्वपूर्ण मूल्य है और यह नैतिक चिंतन से जुड़ा ऐसा मार्ग है, जो समाज में सकारात्मक एवं सृजनात्मक भाव पैदा करता है। अहिंसा और संयम का मार्ग अपनाने से व्यक्ति के भीतर दया, परोपकार और करुणा की भावना विकसित होती है। इससे अच्छे समाज के निर्माण की सोच मजबूत होती है।
गणमान्य लोग रहे मौजूद
कार्यक्रम के दौरान उपखंड रामगढ़ के पुलिस उपाधीक्षक पिंटू कुमार, नौगांवा थानाधिकारी हरदयाल सिंह, ईश भारद्वाज, भीम चेतीवाल, राहुल जैन, विजय जैन, ओमप्रकाश चौहान, महेश जैन सहित जैन समाज के पदाधिकारी और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


