जयपुर। उत्तर पश्चिम रेलवे ने आगामी त्यौहारों और प्रसिद्ध धार्मिक मेलों को ध्यान में रखकर यात्रियों की सुविधा के लिए 3 विशेष ट्रेनें चलाने की घोषणा की है। ये ट्रेनें विशेष रूप से रक्षाबंधन, खाटू श्यामजी मंदिर के मासिक एकादशी-द्वादशी मेला और जैसलमेर के प्रसिद्ध रामदेवरा मेला में उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को संभालने में मदद करेंगी।
उत्तर पश्चिम रेलवे मंडल के सीपीआरओ अमित सुदर्शन ने बताया कि इन विशेष सेवाओं से लाखों भक्तों और यात्रियों को लाभ मिलेगा। पहली ट्रेन, दिल्ली सराय रोहिल्ला-रींगस एकादशी अनारक्षित स्पेशल, दिल्ली और हरियाणा से आने वाले खाटू श्यामजी के भक्तों के लिए चलाई जाएगी। गाड़ी संख्या 04415, 22 अगस्त 2026 को दिल्ली सराय रोहिल्ला से शाम 7:10 बजे रवाना होकर रात 12:40 बजे रींगस पहुंचेगी। वापसी में, गाड़ी संख्या 04416, 23 अगस्त 2026 को रींगस से रात 2:00 बजे चलकर सुबह 6:30 बजे दिल्ली सराय रोहिल्ला पहुंचेगी। यह ट्रेन मार्ग में दिल्ली कैंट, गुड़गांव, पटौदी रोड, रेवाड़ी, नारनौल और नीम का थाना जैसे स्टेशनों पर रुकेगी तथा इसमें 11 साधारण श्रेणी सहित कुल 13 डिब्बे है। यह विशेष सेवा सीकर जिले में स्थित विश्व प्रसिद्ध खाटू श्यामजी मंदिर के मासिक मेला के दौरान लाखों श्रद्धालुओं के लिए अत्यंत सुविधाजनक साबित होगी, क्योंकि रींगस मंदिर का निकटतम रेलवे स्टेशन है। दिल्ली, गुरुग्राम और आसपास के क्षेत्रों से आने वाले श्याम भक्तों के लिए यह ट्रेन बड़ी राहत लेकर आई है।
इसके अतिरिक्त, बाबा रामदेवजी के भक्तों के लिए जोधपुर-रामदेवरा-भगत की कोठी स्पेशल और त्यौहारों की अतिरिक्त भीड़ को देखकर लालकुआं-साबरमती साप्ताहिक स्पेशल भी संचालित की जाएगी। इन तीनों ट्रेनों के संचालन से लाखों यात्रियों की यात्रा सुगम और आरामदायक हो सकेगी।
रेलवे का तोहफा: खाटू श्यामजी, रामदेवरा और त्यौहारों के लिए 3 स्पेशल ट्रेन शुरू


