आरपीएस इंटरनेशनल स्कूल में 150 और ब्रह्मकुमारी विश्वविद्यालय में 141 यूनिट रक्तदान, गिरीश गुप्ता ने 76वीं बार किया रक्तदान
अलवर। राजकीय राजीव गांधी सामान्य चिकित्सालय के ब्लड बैंक में रक्त की कमी को देखते हुए इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी अलवर शाखा की ओर से रविवार को दो स्थानों पर स्वैच्छिक रक्तदान शिविर आयोजित किए गए। आरपीएस इंटरनेशनल स्कूल, धारूहेड़ा में आयोजित शिविर में 150 यूनिट तथा ब्रह्मकुमारी विश्वविद्यालय अलवर में 141 यूनिट रक्त एकत्र हुआ। दोनों शिविरों में कुल 291 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया।
दोनों शिविरों में डॉ. मोनिका जैन के नेतृत्व में राजकीय राजीव गांधी सामान्य चिकित्सालय ब्लड बैंक की टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और रक्त संग्रहण में सहयोग प्रदान किया। इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी अलवर के चेयरमैन डॉ. एससी मित्तल ने बताया कि सामान्य चिकित्सालय में रक्त की आवश्यकता को देखते हुए इन शिविरों का आयोजन किया गया।
आरपीएस स्कूल में 150 यूनिट रक्त संग्रह
आरपीएस इंटरनेशनल स्कूल, धारूहेड़ा में शिविर स्कूल के संस्थापक स्वर्गीय डॉ. ओपी यादव की स्मृति में आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत स्वर्गीय डॉ. ओपी यादव को पुष्प श्रद्धांजलि अर्पित करने और दीप प्रज्वलन के साथ हुई।
इस अवसर पर स्कूल की प्राचार्या विजयश्री दंडवते ने अलवर जिला रेड क्रॉस सोसाइटी के सचिव डॉ. रूप सिंह, सेंट जॉन एम्बुलेंस के चेयरमैन गिरीश गुप्ता, डॉ. मोनिका जैन और स्कूल की ओर से संयोजक दिनेश बेदी को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया।
इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी अलवर की ओर से स्कूल और ब्लड बैंक को भी प्रतीक चिन्ह प्रदान कर सहयोग के लिए धन्यवाद दिया गया।
शिविर में स्कूल स्टाफ के साथ विद्यार्थियों के परिजनों ने भी बढ़-चढ़कर रक्तदान किया। विशेष रूप से महिलाओं की भागीदारी उल्लेखनीय रही। शिविर में 16 पति-पत्नी के जोड़ों ने एक साथ स्वेच्छिक रक्तदान किया। आयोजकों के अनुसार, इस पहल ने रक्तदान के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।
रक्तदाताओं के लिए इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी अलवर की ओर से फ्रूटी, सेब, केला, बिस्कुट और पानी के साथ प्रमाण पत्र एवं मेडल की व्यवस्था की गई।
ब्रह्मकुमारी विश्वविद्यालय में 141 यूनिट रक्तदान
ब्रह्मकुमारी विश्वविद्यालय अलवर में भी स्वैच्छिक रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। शिविर की शुरुआत प्रार्थना और दीप प्रज्वलन के साथ हुई। सेंट जॉन एम्बुलेंस के चेयरमैन गिरीश गुप्ता और अलवर के समाजसेवी दिनेश भार्गव ने दीप प्रज्वलित कर शिविर का शुभारंभ किया।
शिविर में कुल 141 यूनिट रक्त एकत्र किया गया। इस दौरान सेंट जॉन एम्बुलेंस इंडिया के चेयरमैन गिरीश गुप्ता ने 76वीं बार स्वैच्छिक रक्तदान किया। राहुल ने 21वीं बार और दिनेश भार्गव के पुत्र सौरभ भार्गव ने 5वीं बार रक्तदान किया।
इसके अलावा कई नए रक्तदाताओं के साथ ब्रह्मकुमारी विश्वविद्यालय से जुड़े भाई-बहनों ने भी पहली बार स्वैच्छिक रक्तदान किया।
गिरीश गुप्ता ने 76वीं बार किया रक्तदान
रक्तदान के बाद गिरीश गुप्ता ने कहा कि रक्तदान एक पुण्य कार्य है और रक्तदान करने के बाद आत्मिक संतुष्टि का अनुभव होता है। उन्होंने कहा कि सीमा पर तैनात सैनिक की तरह देश सेवा करने का अवसर भले न मिले, लेकिन रक्तदान के माध्यम से किसी व्यक्ति का जीवन बचाने में अपना योगदान देना भी गर्व की बात है।
वहीं ममता दीदी ने कहा कि रक्त ऐसी चीज है जिसका निर्माण मानव शरीर में ही होता है और इसे किसी अन्य स्रोत से प्राप्त नहीं किया जा सकता। उन्होंने रक्तदान करने वाले लोगों को मानवता की सेवा में अनुकरणीय योगदान देने वाला बताया।
संस्थाओं से रक्तदान शिविर लगाने की अपील
इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी अलवर के सचिव डॉ. रूप सिंह ने बताया कि संस्था को भारत विकास परिषद अलवर, अलवर जिला स्काउट एंड गाइड फेलोशिप, आरडीएनसी मित्तल फाउंडेशन, मित्तल हॉस्पिटल, लायंस क्लब अलवर मत्स्य, सद्भाव मंच, बंधुआ मुक्ति मोर्चा, रोटरी क्लब सहित विभिन्न सामाजिक संस्थाओं का लगातार सहयोग मिल रहा है।
उन्होंने बताया कि भिवाड़ी की विभिन्न फैक्ट्रियों, स्कूलों और कॉलेजों की ओर से भी समय-समय पर रक्तदान शिविर आयोजित कर सहयोग दिया जाता है। इन प्रयासों से सरकारी अस्पताल के ब्लड बैंक के लिए रक्त उपलब्ध कराने में मदद मिल रही है।
डॉ. रूप सिंह ने अधिक से अधिक सामाजिक संस्थाओं, स्कूलों, कॉलेजों और औद्योगिक संस्थानों से सरकारी ब्लड बैंक के लिए रक्तदान शिविर आयोजित करने और इस सेवा कार्य में सहयोग करने की अपील की।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


