बीमार रिश्तेदार को इलाज के लिए अलवर ला रहे थे चाचा-ताऊ के बेटे, सड़क हादसे के बाद गांव में पसरा मातम
अलवर। जिले के बड़ौदा मेव थाना क्षेत्र में शीतल के पास रविवार शाम दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। अलवर की ओर आ रही बाइक को अलवर से भरतपुर जा रही रोडवेज बस ने टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए।

डॉक्टर को दिखाने अलवर आ रहे थे तीनों
जानकारी के अनुसार छांगलकी गांव निवासी अनीश पुत्र आकूब, अखिल पुत्र हाकम और अखिल की पत्नी धोली बाइक से अलवर आ रहे थे। बताया गया कि अनीश की तबीयत खराब थी और अखिल तथा उसकी पत्नी उसे चिकित्सक को दिखाने के लिए अलवर लेकर आ रहे थे।
इसी दौरान शीतल के पास उनकी बाइक की रोडवेज बस से टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सवार तीनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

दो युवकों की मौत, महिला का उपचार जारी
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से तीनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने अनीश और अखिल को मृत घोषित कर दिया। घायल धोली का उपचार जारी है।
परिजनों के अनुसार अखिल की पत्नी धोली चार माह की गर्भवती है। उसे भी चिकित्सक को दिखाने के लिए अलवर लाया जा रहा था।
चाचा-ताऊ के बेटे थे दोनों मृतक
परिजनों के अनुसार मृतक अनीश और अखिल आपस में चाचा-ताऊ के बेटे थे और दोनों कृषि कार्य करते थे। हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। घटना के बाद छांगलकी गांव में शोक का माहौल है।
रोडवेज बस जब्त, जांच शुरू
घटना की सूचना मिलने के बाद बड़ौदा मेव थाना पुलिस मौके पर पहुंची और रोडवेज बस को जब्त कर लिया। पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार दोनों मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम सोमवार को कराया जाएगा। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी जांच के बाद स्थिति स्पष्ट होगी।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क

