अलवर में 27, 29 और 31 अगस्त को ही जमा होंगे नामांकन, नगर निगम के लिए मिनी सचिवालय और नगर पालिकाओं में रिटर्निंग अधिकारी के समक्ष होंगे आवेदन
अलवर। नगरीय निकाय आम चुनाव 2026 को लेकर नामांकन प्रक्रिया की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 27, 29 और 31 अगस्त को सुबह 10:30 बजे से दोपहर 3 बजे तक अभ्यर्थी अपने नाम-निर्देशन पत्र जमा कर सकेंगे। राजकीय अवकाश के कारण इस बार नामांकन के लिए केवल तीन दिन निर्धारित किए गए हैं।
अतिरिक्त जिला कलक्टर शहर एवं नगर निगम के रिटर्निंग अधिकारी अम्बा लाल मीणा ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे अंतिम दिन का इंतजार नहीं करें और समय रहते नामांकन पत्र दाखिल करें। उन्होंने बताया कि नामांकन पत्र में अभ्यर्थी की स्वयं, परिवार तथा अन्य आवश्यक जानकारियां विस्तृत रूप से दर्ज करनी होंगी।
प्रतिभूति राशि जमा कराने के बाद मिलेगा नामांकन पत्र
नगर निगम चुनाव में वार्ड पार्षद का चुनाव लड़ने वाले सामान्य वर्ग के अभ्यर्थियों को 6 हजार रुपए तथा अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग और महिला अभ्यर्थियों को 3 हजार रुपए प्रतिभूति निक्षेप राशि जमा करनी होगी।
इसी प्रकार नगर पालिकाओं के वार्ड पार्षद पद के लिए सामान्य वर्ग के अभ्यर्थियों को 2 हजार रुपए तथा अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग और महिला अभ्यर्थियों को 1 हजार रुपए प्रतिभूति राशि जमा करनी होगी। राशि जमा कराने के बाद अभ्यर्थी को इसकी रसीद दी जाएगी।
अलवर नगर निगम के लिए मिनी सचिवालय के भूतल पर कमरा नंबर 81 ए, 66 के समीपवर्ती स्थान, 49 तथा 17 के समीपवर्ती स्थान पर हेल्प डेस्क स्थापित की गई है, जहां प्रतिभूति राशि जमा कर नाम-निर्देशन पत्र प्राप्त किए जा सकेंगे।
वार्ड के अनुसार अलग-अलग कमरों में जमा होंगे पर्चे
नगर निगम अलवर के वार्डों के लिए नामांकन पत्र अलग-अलग निर्धारित स्थानों पर जमा होंगे।
- वार्ड 1 से 13: मिनी सचिवालय कमरा नंबर 16, भूतल
- वार्ड 14 से 26: मिनी सचिवालय कमरा नंबर 32, भूतल
- वार्ड 27 से 39: मिनी सचिवालय कमरा नंबर 83, भूतल
- वार्ड 40 से 52: मिनी सचिवालय कमरा नंबर 66, भूतल
- वार्ड 53 से 65: मिनी सचिवालय कमरा नंबर 78, भूतल
वहीं संबंधित नगर पालिकाओं के लिए अभ्यर्थी अपने नाम-निर्देशन पत्र संबंधित नगर पालिका स्तर पर रिटर्निंग अधिकारी के समक्ष प्रस्तुत कर सकेंगे।
नामांकन में देनी होगी संपत्ति और आपराधिक मामलों की जानकारी
रिटर्निंग अधिकारी के अनुसार नाम-निर्देशन पत्र में सभी कॉलम भरना अनिवार्य होगा। इसमें अभ्यर्थी की स्वयं की संपत्ति के साथ पत्नी और आश्रितों की चल एवं अचल संपत्ति की पूरी जानकारी देनी होगी।
इसके अलावा अभ्यर्थी के दोषसिद्धि, विचाराधीन आपराधिक मुकदमों और न्यायालय में लंबित प्रकरणों से संबंधित विस्तृत जानकारी भी नामांकन पत्र में दर्ज करनी होगी। साथ ही पांच प्रस्तावकों का विवरण भी भरना होगा।
अभ्यर्थियों को नामांकन पत्र भरते समय सभी आवश्यक सूचनाएं सावधानीपूर्वक दर्ज करने के निर्देश दिए गए हैं।
1 सितंबर को होगी नामांकन पत्रों की जांच
चुनाव कार्यक्रम के अनुसार 1 सितंबर, मंगलवार को नामांकन पत्रों की संवीक्षा की जाएगी। इसके बाद 3 सितंबर, गुरुवार को दोपहर 3 बजे तक अभ्यर्थी अपनी अभ्यर्थिता वापस ले सकेंगे। 4 सितंबर, शुक्रवार को चुनाव चिन्हों का आवंटन किया जाएगा।
नगर निकाय चुनाव के तहत प्रथम चरण का मतदान 9 सितंबर, बुधवार तथा द्वितीय चरण का मतदान 11 सितंबर, शुक्रवार को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक होगा। दोनों चरणों के बाद 14 सितंबर, सोमवार को मतगणना कराई जाएगी।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क

