More
    Homeराज्यमध्यप्रदेशनर्मदा दर्शन की राह में हैवानियत, ऑटो चालक ने महिला को बनाया...

    नर्मदा दर्शन की राह में हैवानियत, ऑटो चालक ने महिला को बनाया शिकार

    जबलपुर। मध्य प्रदेश की संस्कारधानी जबलपुर के पनागर इलाके से महिलाओं की सुरक्षा पर सवाल खड़े करने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। पनागर से गौरीघाट नर्मदा दर्शन के लिए निकली 30 वर्षीय महिला के साथ एक ऑटो चालक ने मारपीट कर दुष्कर्म किया और उसका मोबाइल लूटकर फरार हो गया। हालांकि, घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी चालक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

    लिफ्ट देकर सुनसान इलाके में ले गया आरोपी

    पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता पनागर क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली है। 24 अगस्त की सुबह वह गौरीघाट जाने के लिए निकली थी। इसी दौरान आरोपी आजाद, जो हनुमानताल का निवासी है, पनागर रेलवे स्टेशन से अपनी ऑटो लेकर लौट रहा था। महिला को अकेला देखकर आरोपी ने उसे शहर तक छोड़ने की बात कहकर ऑटो में बैठा लिया। रास्ते में आरोपी ने गाड़ियों की आवाजाही वाले मार्ग के बजाय ऑटो को एक सुनसान रास्ते की तरफ मोड़ दिया।

    विरोध करने पर मारपीट और हैवानियत

    सुनसान इलाके में पहुंचते ही महिला ने रास्ता भटकने का विरोध किया और चीखने-चिल्लाने लगी। इस पर ऑटो चालक ने उसके साथ जमकर मारपीट की और जबरन दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया। इसके बाद आरोपी महिला का मोबाइल फोन छीनकर उसे सड़क किनारे असहाय हालत में छोड़कर मौके से फरार हो गया। राहगीरों ने जब महिला को अकेला रोते हुए देखा, तो तुरंत घटना की सूचना पुलिस को दी।

    एसपी के निर्देश पर आरोपी गिरफ्तार, ऑटो जब्त

    घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक (एसपी) संपत उपाध्याय स्वयं मौके पर पहुंचे और आरोपी की जल्द से जल्द गिरफ्तारी के निर्देश जारी किए। गठित पुलिस टीम ने घेराबंदी करते हुए मंगलवार देर रात आरोपी आजाद को हनुमानताल इलाके से धर दबोचा। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल किए गए ऑटो को भी जब्त कर लिया है और आरोपी के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here