घटिया निर्माण सामग्री के इस्तेमाल का आरोप, शेरपुर मार्ग पर जलभराव से बढ़ी परेशानी; ग्रामीणों ने चक्काजाम की चेतावनी दी
नौगांवा। नगरपालिका की ओर से शेरपुर गेट से एसबीआई बैंक के आगे तक करीब 8.5 लाख रुपए की लागत से बनाए गए नाले की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो गए हैं। निर्माण के महज दो माह बाद ही नाला कई जगह से टूट गया। नाले में जाने वाला पानी सड़क पर फैल रहा है। कई स्थानों पर मिट्टी भरने से नाला बंद हो गया है, जिसके चलते नौगांवा-शेरपुर मार्ग पर करीब 2 फीट तक पानी भर गया है।
जलभराव के कारण सड़क से पैदल निकलना मुश्किल हो गया है। मोटरसाइकिल सवार पानी में फिसलकर गिर रहे हैं और चोटिल हो रहे हैं। स्कूल जाने वाले बच्चों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सड़क किनारे दुकानों के सामने पानी जमा होने से दुकानदारों की बिक्री प्रभावित हो रही है। दुकानदारों का कहना है कि ग्राहक पानी के कारण दुकानों तक नहीं पहुंच पा रहे हैं।
दो माह में ही खुली निर्माण की पोल
स्थानीय लोगों का आरोप है कि नाले के निर्माण में घटिया सामग्री का इस्तेमाल किया गया। निर्माण कार्य की गुणवत्ता की निगरानी करने वाले अधिकारियों और ठेकेदार की मिलीभगत के कारण नाला इतने कम समय में क्षतिग्रस्त हुआ है। लोगों का कहना है कि यदि नाले का निर्माण गुणवत्तापूर्ण तरीके से हुआ होता तो दो माह में ही जगह-जगह टूटने की स्थिति नहीं आती।
सालों से जलभराव, मानसून में और बिगड़ेंगे हालात
नौगांवा से बाबा लालदास महाराज मंदिर शेरपुर जाने वाले मार्ग पर लंबे समय से जलभराव की समस्या बनी हुई है। स्थानीय दुकानदारों ने बताया कि पिछले कई वर्षों से बारिश के दौरान सड़क पर पानी जमा होता है। अब नाला टूटने के बाद समस्या और गंभीर हो गई है। मानसून के दौरान हालात और खराब होने की आशंका है।
दुकानदारों ने नगरपालिका के स्वच्छ सर्वेक्षण-2026 की तैयारियों पर भी सवाल उठाए। उनका कहना है कि सफाई का बजट बढ़ाने के बावजूद धरातल पर सफाई व्यवस्था नजर नहीं आती। सफाई व्यवस्था कागजों तक सीमित है और जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया जा रहा।
बाबा के भक्तों को भी परेशानी
शेरपुर स्थित बाबा लालदास महाराज का मंदिर क्षेत्र के हिंदू और मुस्लिम समुदाय के लोगों की आस्था का प्रमुख केंद्र है। बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां पहुंचते हैं। कई भक्त दंडौती लगाते हुए मंदिर तक जाते हैं, लेकिन सड़क पर भरे पानी के कारण उन्हें भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने नगरपालिका और प्रशासन से नाले की मरम्मत कराने, जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान करने और निर्माण कार्य की गुणवत्ता की जांच कराने की मांग की है।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


