वीजा ओवरस्टे मामले में था हिरासत में, एयरलाइन ने खराब स्वास्थ्य के चलते यात्रा से किया था इनकार
अलवर। डिटेंशन सेंटर में बंद 44 वर्षीय कनाडाई नागरिक रणदीप की बुधवार को जिला अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें अस्पताल लाया गया था, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मामले में आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार रणदीप को वीजा अवधि समाप्त होने और ओवरस्टे के मामले में जयपुर पुलिस ने डिटेन किया था। विदेशी नागरिक होने के कारण बाद में उन्हें अलवर स्थित डिटेंशन सेंटर भेज दिया गया था। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक रणदीप को डायरिया सहित अन्य स्वास्थ्य संबंधी परेशानियां थीं।
डिटेंशन सेंटर में चल रहा था उपचार
पुलिस के अनुसार रणदीप को डिटेंशन सेंटर की डिस्पेंसरी में उपचार उपलब्ध कराया जा रहा था। इसके अलावा जरूरत के अनुसार उन्हें अस्पताल में भी चिकित्सकीय सुविधा दिलाई गई। बुधवार को अचानक उनकी तबीयत ज्यादा बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें जिला अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
एग्जिट परमिट के बाद भी नहीं जा सके विदेश
परिजनों के अनुसार रणदीप भारत घूमने के लिए आए थे। वीजा अवधि समाप्त होने के बाद एफआरओ की ओर से उन्हें कस्टडी में लिया गया था। इसके बाद वह जयपुर जेल में रहे। परिजनों का कहना है कि उनका एग्जिट परमिट भी जारी हो चुका था।
बताया गया कि 21 जून को जयपुर एयरपोर्ट से उनकी विदेश जाने की फ्लाइट कराई गई थी, लेकिन स्वास्थ्य खराब होने के कारण एयरलाइन ने उन्हें विमान में ले जाने से इनकार कर दिया। इसके बाद उन्हें अलवर डिटेंशन सेंटर भेज दिया गया।
न्यायिक मजिस्ट्रेट की निगरानी में पोस्टमार्टम
रणदीप की मौत की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने आवश्यक प्रक्रिया शुरू कर दी। पुलिस के अनुसार मृतक के रिश्तेदारों को भी घटना की जानकारी दी गई है। मामले में कनाडा हाई कमीशन से आवश्यक अनुमति ली गई है।
पुलिस के अनुसार न्यायिक मजिस्ट्रेट की निगरानी में पोस्टमार्टम की कार्रवाई कराई जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस मामले की जांच के साथ आवश्यक कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


