भीलवाड़ा । आगामी नगरीय निकाय चुनाव 2026 के टिकट वितरण को लेकर भारतीय जनता पार्टी की महिला कार्यकर्ताओं और नेत्रियों में तीखा आक्रोश देखने को मिल रहा है। पूर्व नगर परिषद सभापति और सिलावद अध्यक्षा मंजू चेचाणी के नेतृत्व में महिला नेत्रियों ने टिकट बंटवारे में महिलाओं की अनदेखी किए जाने का आरोप लगाते हुए मोर्चा खोल दिया है।
टिकटों में महिलाओं की उपेक्षा का आरोप
महिला नेत्रियों का कहना है कि भीलवाड़ा में नगर निकाय चुनाव के टिकट वितरण के दौरान महिला महापौर की सीट सामान्य होने के बावजूद धरातल पर सक्रिय महिला कार्यकर्ताओं को टिकट नहीं दिया गया है।
पुरुष कार्यकर्ताओं की पत्नियों को प्राथमिकता
आरोप है कि योग्य और जमीनी महिला कार्यकर्ताओं की बजाय केवल पुरुष कार्यकर्ताओं की पत्नियों को टिकट बांटे गए हैं, जिससे पार्टी की महिला विंग में भारी निराशा है।
ये रखी मांगें
महिला नेत्रियों ने दो टूक मांग की है कि टिकट केवल सक्रिय महिला कार्यकर्ताओं को ही मिलने चाहिए, न कि किसी पुरुष कार्यकर्ता की पत्नी को। इसके साथ ही, पार्टी के शीर्ष नेताओं से अपील की गई है कि वे चुनाव में महिला प्रत्याशियों को मैदान में उतारकर उन्हें जीत दिलाने के लिए पूरा सहयोग करें।
इस दौरान मंजू चेचाणी समेत कई अन्य महिला नेत्री और कार्यकर्ता मौजूद रहीं, जिन्होंने अपनी नाराजगी खुलकर जाहिर करते हुए पार्टी से न्याय की गुहार लगाई है।


