More
    Homeराजस्थानअलवरअलवर में दिनदहाड़े फ्लैट में चोरी, ताले तोड़कर लाखों के जेवरात और...

    अलवर में दिनदहाड़े फ्लैट में चोरी, ताले तोड़कर लाखों के जेवरात और नकदी ले गए बदमाश

    अपनाघर शालीमार फ्लैट में चोरी से हड़कंप, सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की तलाश में जुटी पुलिस

    अलवर। अपनाघर शालीमार आवासीय सोसायटी के जी प्लस-2 परिसर में शुक्रवार को दिनदहाड़े चोरी की बड़ी वारदात सामने आई। अज्ञात चोरों ने एक फ्लैट का दरवाजा तोड़कर लाखों रुपए कीमत के सोने-चांदी के जेवरात और नकदी चोरी कर ली। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्ध आरोपियों की तलाश में जुटी है।

    फ्लैट मालकिन सुधि शर्मा ने बताया कि वह अपने पति नवीन शर्मा के साथ ससुराल गई हुई थीं। जब वह वापस लौटीं तो फ्लैट का गेट खुला मिला। अंदर जाकर देखा तो सामान बिखरा पड़ा था और घर से कीमती जेवरात व नकदी गायब थी।

    चोरों ने तोड़ा फ्लैट का दरवाजा

    पीड़िता के अनुसार चोर फ्लैट का दरवाजा तोड़कर अंदर घुसे और वारदात को अंजाम दिया। चोरी की घटना में करीब 18 ग्राम सोने के दो जोड़ी टॉप्स, 54 ग्राम सोने की चार चूड़ियां, दो जोड़ी चांदी की पायल, 25 चांदी के सिक्के, दो चांदी की चेन, दो चांदी की अंगूठियां, दो चांदी के ब्रेसलेट और 26 हजार रुपए नकद चोरी कर लिए गए।

    दिनदहाड़े हुई इस वारदात के बाद आवासीय सोसायटी के लोगों में भी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ गई है।

    सीसीटीवी फुटेज में कैप पहने संदिग्ध

    घटना के बाद सोसायटी में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। फुटेज में कैप पहने कुछ संदिग्ध व्यक्ति फ्लैट की ओर जाते दिखाई दे रहे हैं। पुलिस अब इन फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।

    पीड़िता सुधि शर्मा ने सोसायटी में काम करने वाले कुछ स्वीपरों पर संदेह जताया है। उनका कहना है कि इससे पहले भी सोसायटी में चोरी की चार घटनाएं हो चुकी हैं। उन्होंने दावा किया कि सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दे रहे संदिग्धों में से एक व्यक्ति को उन्होंने सोसायटी में काम करने वाले स्वीपर के रूप में पहचाना है।

    हालांकि, पुलिस स्तर पर अभी इन आरोपों की पुष्टि नहीं हुई है और मामले की जांच जारी है।

    एक अन्य फ्लैट के भी टूटे मिले ताले

    जानकारी के अनुसार शुक्रवार दोपहर सोसायटी के एक अन्य फ्लैट के भी ताले टूटे हुए मिले। इससे आशंका जताई जा रही है कि चोरों ने अन्य फ्लैटों को भी निशाना बनाने की कोशिश की हो सकती है।

    पुलिस ने घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। आसपास के सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाली जा रही है और संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।

    पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और सीसीटीवी फुटेज सहित अन्य साक्ष्यों के आधार पर जल्द आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जाएगा।

    मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
    https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1

    अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क

    https://missionsach.com/category/india

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here