जनसहयोग से करीब 50 लाख की लागत से होगा मंदिर निर्माण, संत मनीरामदास और स्वामी शीतलदास महाराज ने किया भूमि पूजन
भरतपुर। राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज के समीप स्थित प्रसिद्ध एवं ऐतिहासिक लटुरिया हनुमान मंदिर परिसर में जनसहयोग से भव्य राम मंदिर का निर्माण कराया जाएगा। करीब 50 लाख रुपये की अनुमानित लागत से बनने वाले इस मंदिर के लिए विधिवत भूमि पूजन किया गया। भूमि पूजन लटुरिया हनुमान मंदिर के महंत संत मनीरामदास महाराज एवं बंध बरेठा के संत स्वामी शीतलदास महाराज ने मंत्रोच्चार और पूजा-अर्चना के साथ संपन्न कराया।
मंदिर निर्माण अभियान की शुरुआत के साथ ही श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। खास बात यह रही कि निर्माण की घोषणा और भूमि पूजन के पहले ही दिन श्रद्धालुओं एवं भक्तों के जनसहयोग से करीब 12.5 लाख रुपये की राशि एकत्रित हो गई। उपस्थित श्रद्धालुओं ने सामूहिक सहयोग से शीघ्र आवश्यक राशि जुटाकर मंदिर निर्माण कार्य पूरा कराने का संकल्प लिया।
सालासर शैली से प्रेरित होगा राम मंदिर
लटुरिया हनुमान मंदिर क्षेत्र की एक प्रसिद्ध एवं ऐतिहासिक तपोस्थली के रूप में विशेष पहचान रखता है। मंदिर परिसर में प्रस्तावित राम मंदिर को पूर्वी राजस्थान में धार्मिक स्थापत्य और वास्तुकला का आकर्षक केंद्र बनाने की योजना है।
मंदिर का निर्माण शेखावाटी स्थित प्रसिद्ध सालासर हनुमान मंदिर की स्थापत्य शैली से प्रेरित होकर किया जाएगा। मंदिर के डिजाइन को प्रसिद्ध आर्किटेक्ट अरुण गौतम के निर्देशन में यश गौतम ने तैयार किया है।
निर्माण कार्य पूर्ण होने के बाद यह राम मंदिर भरतपुर शहर और आसपास के क्षेत्रों के श्रद्धालुओं के लिए पूजा-अर्चना, धार्मिक आस्था और आध्यात्मिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बनेगा।
श्रद्धालुओं ने दिया सहयोग का संकल्प
भूमि पूजन कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और भक्तों ने भाग लिया। इस दौरान सभी ने जनसहयोग के माध्यम से मंदिर निर्माण के लिए अधिक से अधिक सहयोग जुटाने और निर्माण कार्य को शीघ्र पूरा कराने का विश्वास व्यक्त किया।
कार्यक्रम में समृद्ध भारत अभियान के निदेशक सीताराम गुप्ता, सर्जन डॉ. गोविंद गुप्ता, विद्युत निगम के पूर्व अधीक्षण अभियंता हेमराज गोयल, सतीश गोयल सहित सैकड़ों श्रद्धालु उपस्थित रहे।
धार्मिक वातावरण में संपन्न हुए भूमि पूजन के साथ ही अब मंदिर निर्माण की तैयारियों को गति मिलने की उम्मीद है। श्रद्धालुओं का मानना है कि जनभागीदारी से बनने वाला यह भव्य राम मंदिर आने वाले समय में क्षेत्र की धार्मिक आस्था का महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


