More
    Homeराजस्थानअलवरराजस्थान निकाय चुनाव में बड़ा उलटफेर, बीकानेर से BJP की लीला गहलोत...

    राजस्थान निकाय चुनाव में बड़ा उलटफेर, बीकानेर से BJP की लीला गहलोत निर्विरोध जीत की ओर

    बीकानेर। बीकानेर नगर निगम चुनाव की प्रक्रिया के बीच भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के लिए बड़ी खुशखबरी आई है। नामांकन पत्रों की संवीक्षा के बाद वार्ड संख्या 69 से भाजपा उम्मीदवार लीला गहलोत का निर्विरोध निर्वाचन लगभग तय हो गया है। जांच के दौरान उनकी एकमात्र प्रतिद्वंद्वी प्रत्याशी का पर्चा तकनीकी त्रुटि के कारण निरस्त कर दिया गया, जिससे इस सीट पर भाजपा की जीत का मार्ग प्रशस्त हुआ।

    सिंबल की गड़बड़ी से कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी का पर्चा निरस्त

    वार्ड 69 से मैदान में उतरीं ममता सांसी का नाम कांग्रेस की 80 प्रत्याशियों की सूची में शामिल था और पार्टी ने उन्हें सिंबल भी जारी किया था। इसके बावजूद, नामांकन पत्र में पार्टी के कॉलम में आरएलपी (RLP) दर्ज होने और उसके अनुरूप अधिकृत सिंबल संलग्न न होने के कारण रिटर्निंग अधिकारी ने उनका आवेदन खारिज कर दिया। प्रतिद्वंद्वी न रहने से भाजपा प्रत्याशी लीला गहलोत की निर्विरोध जीत सुनिश्चित हो गई है, जिसकी औपचारिक घोषणा नाम वापसी की तिथि के बाद की जाएगी।

    पूर्व पार्षद की पत्नी हैं लीला गहलोत

    उल्लेखनीय है कि लीला गहलोत के पति अनूप गहलोत पिछले नगर निगम बोर्ड में भाजपा से पार्षद रह चुके हैं। इस बार यह सीट सामान्य महिला के लिए आरक्षित होने पर पार्टी ने लीला गहलोत पर दांव खेला था। बीकानेर शहर भाजपा अध्यक्ष सुमन छाजेड़ और चुनाव संयोजक सत्यप्रकाश आचार्य ने इस पहली जीत को पार्टी के लिए बेहद शुभ संकेत बताते हुए नगर निगम में भाजपा का बोर्ड बनने का दावा किया है।

    550 में से 448 प्रत्याशियों के नामांकन वैध

    अपर जिला कलेक्टर (एडीएम सिटी) एवं रिटर्निंग अधिकारी रीना के अनुसार, नगर निगम चुनाव के तहत कुल 550 अभ्यर्थियों ने 607 नामांकन पत्र दाखिल किए थे। मंगलवार को हुई जांच में 127 पर्चे खारिज कर दिए गए, जबकि 448 उम्मीदवारों के आवेदन नियमानुसार सही पाए गए हैं। चुनाव मैदान की अंतिम तस्वीर 3 सितंबर को नाम वापसी की समय-सीमा समाप्त होने के बाद साफ होगी।

    मतदान और मतगणना के दौरान 'ड्राई डे' घोषित

    राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार निकाय चुनाव के दौरान शराब की बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। प्रथम चरण के तहत 7 सितंबर शाम 6 बजे से 9 सितंबर शाम 6 बजे तक तथा द्वितीय चरण के लिए 9 सितंबर शाम 6 बजे से 11 सितंबर शाम 6 बजे तक सूखा दिवस घोषित किया गया है। इसके अलावा 14 सितंबर को मतगणना के दिन भी पूरे जिले के नगरीय क्षेत्रों में मदिरा दुकानें बंद रहेंगी।

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here