महासमुंद: छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले की बसना थाना पुलिस ने वाहन चोरी के गिरोह पर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने एक शातिर बाइक चोर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से विभिन्न थाना क्षेत्रों से चुराई गई कुल 12 मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। आरोपी ने जिले के अलग-अलग इलाकों से दोपहिया वाहन पार करने की बात स्वीकार की है।
ग्राहक की तलाश में निकला और पुलिस के हत्थे चढ़ा
पुलिस को 1 सितंबर को मुखबिर से सटीक सूचना प्राप्त हुई थी कि संदेही टिकेश्वर बाघ चोरी की मोटरसाइकिल को बेचने की नीयत से जगदीशपुर रोड पर ग्राहक की तलाश में घूम रहा है। सूचना मिलते ही बसना पुलिस की टीम ने तत्परता दिखाते हुए मौके पर घेराबंदी की और आरोपी को धर दबोचा। पुलिसिया पूछताछ में आरोपी ने वाहन चोरी की कई वारदातों का खुलासा कर दिया।
11 अगस्त की शिकायत से शुरू हुई जांच
इस पूरे घटनाक्रम की शुरुआत 11 अगस्त को हुई थी, जब पीड़ित नरेश डडसेना ने बसना थाने में अपनी एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल गढ़फुलझर से चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर संदिग्धों की धरपकड़ और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया था, जिसके बाद चोरी के इस बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़ हुआ।
निर्माणाधीन मकान से बरामद हुईं 12 मोटरसाइकिलें
कड़ाई से की गई पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने बसना, सरायपाली, सांकरा, पिथौरा और पटेवा थाना क्षेत्रों से कुल 12 मोटरसाइकिलें चुराई थीं। आरोपी ने इन सभी वाहनों को ग्राम सावित्रीपुर स्थित एक सुनसान व निर्माणाधीन मकान में छिपाकर रखा हुआ था। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर सभी 12 मोटरसाइकिलें जब्त कर ली हैं और आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में वैधानिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।


