अलीगढ़: जिले के हरदुआगंज क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक अनोखी लूट की वारदात सामने आई है। अपने एक वर्षीय बीमार बेटे को दवा दिलाने जा रहे दंपती को नहर पटरी पर तीन अज्ञात बदमाशों ने घेरकर लूट लिया। बदमाशों ने महिला के सोने-चांदी के आभूषण, चार हजार रुपये और मोबाइल फोन छीन लिया। हालांकि, पीड़ित दंपती द्वारा बच्चे की बीमारी की दुहाई दिए जाने पर बदमाशों ने कुछ दूरी पर जाकर मोबाइल, बाइक की चाबी और दवा कराने के लिए 200 रुपये वापस लौटा दिए और माछुआ पुल की तरफ फरार हो गए।
ओवरटेक कर रोकी बाइक, की मारपीट और लूटपाट
क्वार्सी थाना क्षेत्र के देवसैनी निवासी गौरव अपनी पत्नी वर्षा और एक वर्षीय बीमार पुत्र अनमोल के साथ मोटरसाइकिल से जलाली जा रहे थे। बालक पिछले कई दिनों से तेज बुखार से पीड़ित था और उसे जलाली में स्थित क्लीनिक से दवा दिलानी थी। सुबह करीब आठ बजे जब वे माछुआ नहर पुल से शेखा पुल की ओर नहर पटरी से गुजर रहे थे, तभी मई के नगला के समीप एक बाइक पर सवार तीन युवकों ने पीछे से ओवरटेक कर उन्हें रोक लिया।
बदमाशों ने गौरव के साथ मारपीट करते हुए उनकी जेब से चार हजार रुपये, मोबाइल फोन और बाइक की चाबी छीन ली। इसके साथ ही वर्षा के कानों की सोने की बालियां, कुंडल, अंगूठियां और चांदी की पाजेब उतरवा ली।
दया आने पर लौटाए चाबी, मोबाइल और 200 रुपये
वारदात के दौरान दंपती लगातार बदमाशों से बच्चे के इलाज का हवाला देकर छोड़ने की गुहार लगाते रहे। लूटपाट के बाद बदमाश लगभग 20 मीटर आगे बढ़े, लेकिन फिर अचानक रुक गए। गौरव के अनुसार, बदमाशों ने मोबाइल और बाइक की चाबी सड़क पर फेंक दी तथा 200 रुपये का नोट पीड़ित की ओर उछालते हुए कहा कि इससे बच्चे को दवा दिला लाना। इसके बाद आरोपी तेजी से फरार हो गए। डरे-सहमे दंपती ने शेखा पुल पहुंचकर परिजनों और पुलिस को घटना की सूचना दी।
पुलिस टीमें गठित, सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे
घटना की जानकारी मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) नीरज जादौन और एसपी देहात मनीष कुमार मिश्र ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की।
पुलिस ने पीड़ित गौरव की तहरीर पर मामला दर्ज कर लिया है। लुटेरों का सुराग लगाने के लिए एसओजी, सर्विलांस और स्थानीय पुलिस की कई टीमों को लगाया गया है। नहर पटरी और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि बदमाशों की पहचान कर उन्हें जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जा सके।


