More
    Homeराजनीतिउद्धव ठाकरे को बड़ा झटका देने की तैयारी? शिंदे गुट ने 14...

    उद्धव ठाकरे को बड़ा झटका देने की तैयारी? शिंदे गुट ने 14 विधायकों के पाला बदलने का किया दावा

    मुंबई। महाराष्ट्र की राजनीति में एक बार फिर बड़े सियासी उलटफेर और संभावित दल-बदल की सरगर्मियां तेज हो गई हैं। शिवसेना (शिंदे गुट) के विधायक मुरजी पटेल ने दावा किया है कि आने वाले दिनों में राज्य में ‘ऑपरेशन टाइगर-4’ देखने को मिल सकता है। पटेल के अनुसार, उद्धव ठाकरे नीत शिवसेना (UBT) के कुल 20 में से 14 विधायक उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के सीधे संपर्क में हैं और जल्द ही बड़ा राजनीतिक फेरबदल हो सकता है।

    सांसदों और पार्षदों के बाद विधायकों की बगावत का दावा

    मुंबई के अंधेरी पूर्व में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान मुरजी पटेल ने यह सनसनीखेज दावा किया। उन्होंने कहा कि सांसदों के पाला बदलने के बाद अब ठाकरे गुट के विधायक और बड़ी संख्या में पूर्व नगरसेवक (पार्षद) एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना में शामिल होने जा रहे हैं। हालांकि, उन्होंने संपर्क में बताए जा रहे 14 विधायकों के नामों या उनके शामिल होने की निश्चित तिथि का खुलासा नहीं किया है।

    हालिया झटकों से उबर नहीं पाया है ठाकरे खेमा

    मुरजी पटेल का यह बयान ऐसे समय आया है जब हाल ही में उद्धव ठाकरे गुट के 9 में से 6 लोकसभा सांसदों ने शिंदे नीत शिवसेना का दामन थाम लिया था। इसके अलावा, ठाकरे खेमे के वरिष्ठ नेता सचिन अहीर भी शिंदे गुट में शामिल हो चुके हैं, जिन्हें विधान परिषद के उपसभापति पद की जिम्मेदारी सौंपी गई है। ऐसे में यदि 14 और विधायक पाला बदलते हैं, तो यह उद्धव ठाकरे के लिए अब तक का सबसे बड़ा राजनीतिक झटका साबित होगा।

    2022 से जारी है शिवसेना में राजनीतिक वर्चस्व की जंग

    उल्लेखनीय है कि जून 2022 में एकनाथ शिंदे के नेतृत्व में करीब 40 विधायकों की बगावत के बाद तत्कालीन महाविकास अघाड़ी सरकार गिर गई थी और उद्धव ठाकरे को मुख्यमंत्री पद छोड़ना पड़ा था। इसके बाद भाजपा के समर्थन से एकनाथ शिंदे ने सरकार बनाई थी। अब 'ऑपरेशन टाइगर-4' के इस नए दावे पर फिलहाल शिवसेना (UBT) की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है, लेकिन इसने राज्य के राजनीतिक पारे को बढ़ा दिया है।

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here