पारिवारिक विवाद में महिलाओं के सिर में गंभीर चोट, नगर अस्पताल से अलवर किया रेफर
डीग। नगर थाना क्षेत्र के चिरावलमाली गांव में दहेज की मांग और पारिवारिक विवाद को लेकर दो बहुओं के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। शिकायत में सास-ससुर सहित परिवार के सात लोगों पर लाठी-डंडे, लोहे की फूंकनी और चिमटे से हमला करने का आरोप लगाया गया है। घटना में दोनों महिलाओं के सिर में चोट लगने के बाद उन्हें उपचार के लिए अलवर के सरकारी अस्पताल रेफर किया गया।
14 लाख रुपये की मांग का लगाया आरोप
पुलिस को दी शिकायत में भूपेंद्र पुत्र विशम्भर ने आरोप लगाया कि उसकी पत्नी वीरवती और उसके भाई सुनील की पत्नी बृजलता घर के एक कमरे में बैठी थीं। इसी दौरान उसके पिता विशम्भर, मां फूलवती, भाई सतीश व जगदीश, जगदीश की पत्नी शकुंतला व निरमा तथा पुत्री प्रीति कथित रूप से एकराय होकर कमरे में पहुंचे और दोनों महिलाओं के साथ मारपीट की।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि शादी के बाद से ही परिवार की ओर से दहेज को लेकर दबाव बनाया जा रहा था। कथित रूप से कहा जाता था कि विवाह में करीब 14 लाख रुपये खर्च हुए हैं और यह रकम ससुराल पक्ष से लाकर देने का दबाव बनाया जाता था।
10 लाख के जेवर रखने का भी आरोप
शिकायत में दोनों बहुओं के करीब 10 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवर परिवार के पास रखे होने का भी आरोप लगाया गया है। शिकायतकर्ता के अनुसार जेवर को लेकर भी परिवार में विवाद चल रहा था।
रिपोर्ट में यह भी आरोप लगाया गया है कि इससे पहले दोनों महिलाओं के साथ मारपीट की गई थी और उनके मायके पक्ष से दो लाख रुपये की मांग की गई थी। शिकायत के अनुसार बृजलता ने यह रकम अपने ससुर विशम्भर को लाकर दी थी।
मायके से भैंस लेकर लौटने के बाद हुआ विवाद
शिकायत के अनुसार 6 सितंबर को बृजलता अपनी दो भैंसों को पालने के उद्देश्य से मायके ग्राम जयश्री से वापस ससुराल आई थी। आरोप है कि इसी बात को लेकर परिवार के सदस्यों ने दोनों महिलाओं के साथ मारपीट कर दी। शिकायत में कपड़े फाड़ने और अभद्रता करने के आरोप भी लगाए गए हैं।
महिलाओं के शोर की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और दोनों को बचाया। इसके बाद उन्हें उपचार के लिए सरकारी अस्पताल ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद सिर में गंभीर चोट के चलते दोनों महिलाओं को अलवर रेफर कर दिया गया। फिलहाल दोनों के अलवर स्थित सरकारी अस्पताल में उपचाराधीन होने की जानकारी सामने आई है।
पुलिस ने दर्ज किया मामला, जांच जारी
पुलिस ने शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 189, 115(2) और 126(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच हेड कांस्टेबल प्रयाग सिंह को सौंपी गई है।
पुलिस द्वारा शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है। मामले में आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


