चुनाव व्यवस्था को लेकर सख्ती, कलेक्टर ने ईवीएम-वीवीपैट कक्ष से मतगणना स्थल तक देखी तैयारियां
अलवर। जिला कलेक्टर डॉ. आर्तिका शुक्ला ने मंगलवार को राजकीय बाबू शोभाराम महाविद्यालय स्थित मतदान दल रवानगी स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ईवीएम एवं वीवीपैट कक्ष, मतदान सामग्री वितरण व्यवस्था तथा मतदान दलों की रवानगी की पूरी प्रक्रिया का जायजा लिया।
कलेक्टर ने महाविद्यालय परिसर में बनाए गए मतगणना स्थल का भी निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों से चुनावी तैयारियों की जानकारी ली और व्यवस्थाओं को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि चुनाव प्रक्रिया के दौरान किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरती जाए।
ईवीएम-वीवीपैट और मतदान सामग्री की व्यवस्था
पहले चरण में अलवर नगर निगम, नगर पालिका बहादुरपुर, रामगढ़, नौगांवा और मालाखेड़ा में मतदान होना है। मतदान दलों को अंतिम प्रशिक्षण दिए जाने के बाद उन्हें ईवीएम, मतदान सामग्री और अन्य आवश्यक उपकरण उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
सभी आवश्यक सामग्री प्राप्त करने के बाद मतदान दलों को उनके निर्धारित मतदान केंद्रों के लिए रवाना किया जा रहा है। रवानगी स्थल पर पूरी प्रक्रिया को व्यवस्थित तरीके से संचालित करने के लिए प्रशासन की ओर से आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं।
कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मतदान दलों को सामग्री उपलब्ध कराने से लेकर उनके मतदान केंद्रों तक सुरक्षित रवानगी सुनिश्चित की जाए। साथ ही ईवीएम एवं वीवीपैट कक्षों की सुरक्षा और व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने को कहा।
मतगणना स्थल का भी किया निरीक्षण
डॉ. आर्तिका शुक्ला ने महाविद्यालय परिसर में बनाए गए मतगणना स्थल का निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से मतगणना प्रक्रिया के लिए की जा रही तैयारियों की जानकारी ली।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मतदान और मतगणना से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं निर्धारित मानकों के अनुरूप पूरी की जाएं तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही की गुंजाइश न रहे।
संवेदनशील केंद्रों पर अतिरिक्त सुरक्षा जाब्ता
चुनाव के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन की ओर से संवेदनशील और अति-संवेदनशील मतदान केंद्रों पर अतिरिक्त पुलिस बल एवं सुरक्षा जाब्ता तैनात किया जाएगा।
इसके अलावा किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए रिजर्व फोर्स को भी तैयार रखा गया है। मतदान केंद्रों और उनके आसपास लगातार निगरानी रखी जाएगी, ताकि मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सके।
प्रशासन का प्रयास है कि मतदाता बिना किसी दबाव या भय के अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें। इसके लिए सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ मतदान केंद्रों पर आवश्यक प्रशासनिक व्यवस्थाओं को भी मजबूत किया जा रहा है।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


