मतदान प्रक्रिया को लेकर प्रशासन अलर्ट, 7 नगर पालिकाओं में 914 प्रत्याशियों के बीच होगा चुनावी मुकाबला
अलवर। नगरीय निकाय आम चुनाव 2026 के द्वितीय चरण के मतदान को लेकर प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी (नगरीय निकाय) डॉ. आर्तिका शुक्ला के निर्देशन में गुरुवार को जिले की सात नगर पालिकाओं के लिए 184 मतदान दलों को मतदान सामग्री और इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों के साथ निर्धारित मतदान केंद्रों के लिए रवाना किया गया।
द्वितीय चरण में नगर पालिका कठूमर, खेरली, थानागाजी, राजगढ़, लक्ष्मणगढ़, गोविन्दगढ़-रामबास और बड़ौदामेव में 11 सितंबर 2026 को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक मतदान होगा। सातों नगर पालिका क्षेत्रों के 183 वार्डों में कुल 1 लाख 14 हजार 792 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।
निष्पक्ष मतदान के लिए कार्मिकों को दिए निर्देश
संबंधित नगर पालिकाओं के रिटर्निंग अधिकारियों ने मतदान दलों के अंतिम प्रशिक्षण का जायजा लिया। इस दौरान कार्मिकों को प्रोत्साहित करते हुए निर्देश दिए गए कि निर्वाचन प्रक्रिया को स्वतंत्र, निष्पक्ष और भयमुक्त तरीके से संपन्न कराया जाए।
रिटर्निंग अधिकारियों ने राज्य निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों की कड़ाई से पालना करने तथा मतदान प्रक्रिया के प्रत्येक चरण में निर्धारित नियमों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
1 लाख 14 हजार 792 मतदाता करेंगे मतदान
द्वितीय चरण के मतदान में सात नगर पालिका क्षेत्रों के मतदाताओं की संख्या इस प्रकार है—
- कठूमर: 10,312 मतदाता
- खेरली: 15,803 मतदाता
- थानागाजी: 17,123 मतदाता
- राजगढ़: 31,702 मतदाता
- लक्ष्मणगढ़: 14,236 मतदाता
- गोविन्दगढ़-रामबास: 14,227 मतदाता
- बड़ौदामेव: 11,389 मतदाता
खेरली नगर पालिका के वार्ड संख्या 10 और 17 में एक-एक प्रत्याशी होने के कारण दोनों वार्डों में निर्विरोध निर्वाचन हो चुका है।
914 अभ्यर्थियों के बीच चुनावी मुकाबला
सात नगर पालिका क्षेत्रों के 183 वार्डों के लिए कुल 914 अभ्यर्थियों को चुनाव चिन्ह आवंटित किए गए हैं। इनमें बड़ौदामेव के 25 वार्डों में 73, गोविन्दगढ़ के 25 वार्डों में 142, कठूमर के 20 वार्डों में 76, खेरली के 23 वार्डों में 64, लक्ष्मणगढ़ के 25 वार्डों में 140, राजगढ़ के 40 वार्डों में 294 तथा थानागाजी के 25 वार्डों में 125 अभ्यर्थी चुनाव मैदान में हैं।
राजगढ़ में सबसे अधिक 294 अभ्यर्थी चुनावी मैदान में हैं, जबकि खेरली में 64 अभ्यर्थियों के बीच मुकाबला होगा।
मतदान सामग्री के साथ दल हुए रवाना
नगर पालिका कठूमर के 20, खेरली के 23, थानागाजी के 25, राजगढ़ के 41, लक्ष्मणगढ़ के 25, गोविन्दगढ़-रामबास के 25 और बड़ौदामेव के 25 मतदान दलों को अंतिम प्रशिक्षण के बाद मतदान सामग्री वितरित की गई।
मतदान दलों को इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों सहित चुनाव से संबंधित आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराकर उनके निर्धारित मतदान केंद्रों के लिए रवाना किया गया। इसके अतिरिक्त 10 प्रतिशत मतदान दलों को रिजर्व के रूप में रखा गया है, ताकि आवश्यकता पड़ने पर उनका उपयोग किया जा सके।
टेबल पर ही दी गई चुनाव सामग्री
रिटर्निंग अधिकारियों की मौजूदगी में मतदान दलों के कार्मिकों को उनकी निर्धारित टेबल पर मतदान सामग्री, इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन और अन्य चुनाव सामग्री वितरित की गई।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने कार्मिकों को निर्देश दिए कि मतदान प्रक्रिया पूरी होने के बाद चुनाव सामग्री को निर्धारित व्यवस्था के अनुसार जमा कराया जाए। इस दौरान संबंधित नगर पालिकाओं के रिटर्निंग अधिकारी, एरिया मजिस्ट्रेट सहित अन्य अधिकारी और कार्मिक मौजूद रहे।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क

