More
    Homeराज्यमध्यप्रदेशMP के मेधावी छात्रों के लिए खुशखबरी, 16 सितंबर को सीएम मोहन...

    MP के मेधावी छात्रों के लिए खुशखबरी, 16 सितंबर को सीएम मोहन यादव बांटेंगे 7500 से ज्यादा स्कूटी

    भोपाल| मध्य प्रदेश के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को 16 सितंबर को बड़ा उपहार मिलने जा रहा है। बुधवार को राज्य के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव “मुख्यमंत्री स्कूटी योजना” के अंतर्गत मेधावी छात्र-छात्राओं को ई-स्कूटी का वितरण करेंगे। इस वर्ष शासकीय हायर सेकंडरी विद्यालयों की कक्षा 12वीं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले लगभग 7,500 विद्यार्थियों को योजना का लाभ दिया जाएगा।

    यह राज्य स्तरीय स्कूटी वितरण समारोह भोपाल स्थित शासकीय सुभाष उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, शिवाजी नगर में प्रातः 10 बजे आयोजित होगा। इस पहल से विद्यार्थियों के लिए उच्च शिक्षा की राह सुगम होगी और कॉलेज आवागमन में सुविधा मिलेगी। उल्लेखनीय है कि विगत वर्ष 7,832 प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को स्कूटी की चाबी प्रदान कर सम्मानित किया गया था।

    पात्रता एवं चयन के मापदंड

    मुख्यमंत्री स्कूटी योजना के तहत शैक्षणिक सत्र 2025-26 के लिए प्रदेश के 7,500 से अधिक पात्र विद्यार्थियों को ई-स्कूटी प्रदान की जाएगी। योजना का लाभ प्राप्त करने हेतु छात्रों को कक्षा 12वीं में प्रथम प्रयास में न्यूनतम 70% अंक प्राप्त कर अपने विद्यालय में प्रथम स्थान अर्जित करना अनिवार्य है। राज्य सरकार द्वारा संचालित इस योजना का लाभ स्कूल शिक्षा एवं जनजातीय कार्य विभाग के शासकीय हायर सेकंडरी स्कूलों में नियमित रूप से अध्ययनरत विद्यार्थियों को दिया जाता है। इसमें सभी संकायों के छात्रों को सम्मिलित किया गया है।

    अब तक 23 हजार से अधिक छात्र लाभान्वित

    मेधावी विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से चलाई जा रही इस योजना के माध्यम से अब तक राज्य के 23,000 से अधिक पात्र छात्र-छात्राएं लाभान्वित हो चुके हैं। इस योजना के क्रियान्वयन पर अब तक लगभग 246 करोड़ रुपये की राशि व्यय की जा चुकी है।

    योजना का मुख्य ध्येय

    इस योजना का मुख्य उद्देश्य स्कूली विद्यार्थियों को उत्कृष्ट शैक्षणिक परिणाम हासिल करने के लिए प्रेरित करना है। यह कदम मेधावी छात्रों के परिश्रम का सम्मान करने के साथ-साथ आगे की पढ़ाई के लिए संसाधन उपलब्ध कराने की दिशा में राज्य सरकार की महत्वपूर्ण पहल है। शासकीय विद्यालयों में अध्ययनरत विद्यार्थियों को बेहतर प्रदर्शन हेतु प्रोत्साहित करने से शिक्षा के प्रति उनका रुझान बढ़ा है और उच्च शिक्षा में उनकी सहभागिता सुदृढ़ हो रही है।

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here