बेंगलुरु। कर्नाटक में मंगलवार को हुई दो अलग-अलग और दर्दनाक दुर्घटनाओं में कुल सात लोगों की मौत हो गई। पहली घटना बेलगावी में रेफ्रिजरेटर फटने से हुई, जबकि दूसरी घटना मांड्या जिले में दूध के टैंकर की टक्कर से जुड़ी है।
बेलगावी में फ्रिज फटने से एक ही परिवार के चार लोगों की मौत
बेलगावी के चावत गली स्थित एक घर में सोमवार देर रात कथित तौर पर रेफ्रिजरेटर फटने से भयानक आग लग गई। आग की लपटें इतनी तेजी से फैलीं कि घर के अंदर फंसे लोगों को बाहर निकलने का मौका नहीं मिला। इस हादसे में एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौके पर ही मौत हो गई, जिनकी पहचान गजानन धमोणे (65), रोशन धमोणे (21), शारदा धमोणे (45) और भारती धमोणे (50) के रूप में हुई है। इस दुर्घटना में प्रिया धामोने (28) और गंगा धामोने (25) गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया। मार्केट पुलिस स्टेशन के अधिकार क्षेत्र में दर्ज इस मामले में शुरुआती जांच से पता चला है कि आग फ्रिज फटने के कारण लगी थी। पुलिस आग लगने के सटीक कारणों की गहराई से जांच कर रही है।
मांड्या में टैंकर की टक्कर से तीन की जान गई
वहीं, दूसरी दुर्घटना मांड्या जिले के मद्दूर तालुक के अंतर्गत कोप्पा पुलिस स्टेशन क्षेत्र में मंगलवार तड़के 5:30 से 6:00 बजे के बीच हुई। बेंगलुरु दक्षिण जिले के कनकपुरा तालुक के रहने वाले इस परिवार की मोटरसाइकिल को पीछे से आ रहे एक दूध के टैंकर ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के शिकार हुए लोग गौरी-गणेश उत्सव में शामिल होने के बाद अपने माता-पिता के घर से मोटरसाइकिल पर लौट रहे थे। इस भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत हो गई, जिनमें एक नौ वर्षीय मासूम बच्ची भी शामिल है। मृतकों में काव्या, उनके पति मुथु और उनकी दो बेटियों में से एक बच्ची शामिल थी। पुलिस इस मामले में भी आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।


