More
    Homeराजस्थानजयपुर17 साल से पुलिस को चकमा दे रहा था इनामी तस्कर, चरवाहे-मजदूर...

    17 साल से पुलिस को चकमा दे रहा था इनामी तस्कर, चरवाहे-मजदूर बनकर ANTF ने पकड़ा

    जयपुर । एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) ने सत्रह साल से फरार चल रहे पच्चीस हजार रुपए के इनामी चरस तस्कर हाजी उर्फ शबीर अहमद खान को जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग से गिरफ्तार किया है। आरोपी कश्मीर से गुजरात और राजस्थान तक चरस की सप्लाई करने वाले नेटवर्क से जुड़ा था और सिरोही जिले में दर्ज एनडीपीएस एक्ट के मामले में वांछित था।

    ‘ऑपरेशन विषधरासीम’ के तहत बड़ी कार्रवाई

    एनटीएफ ने ‘ऑपरेशन विषधरासीम’ के तहत अनंतनाग में इस कार्रवाई को अंजाम दिया। एएनटीएफ आईजी विकास कुमार के अनुसार, वर्ष 2009 में दिल्ली से अहमदाबाद जा रही ट्रेन में चरस की एक बड़ी खेप पकड़ी गई थी। जांच के दौरान तस्करी के तार अनंतनाग से जुड़े मिले, जिसमें शबीर अहमद खान का नाम सामने आया था। पुलिस कार्रवाई की भनक लगते ही वह फरार हो गया था और सत्रह साल से लगातार ठिकाने बदलकर छिप रहा था। आरोपी के खिलाफ राजस्थान के सिरोही जिले के जीआरपी आबू रोड थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज है।

    एमआर और ठेकेदार बनकर खड़ा किया नेटवर्क

    जांच में खुलासा हुआ कि शबीर कम उम्र में ही चरस के कारोबार से जुड़ गया था। उसने पहले मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव और बाद में इलेक्ट्रिशियन कॉन्ट्रैक्टर के रूप में काम करते हुए राजस्थान सहित अन्य राज्यों में अपना नेटवर्क मजबूत किया था।

    तीन दिन वेश बदलकर की रेकी

    आरोपी तक पहुंचने के लिए एएनटीएफ की टीम ने अनंतनाग में तीन दिन तक बाइक राइडर, चरवाहे और मजदूर का वेश बदलकर रेकी की। ग्रे रंग की मारुति-800 कार के मूवमेंट के आधार पर पुलिस उसके घर तक पहुँची और जम्मू-कश्मीर पुलिस के सहयोग से उसे दबोच लिया।
     

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here