फिरोज़पुर। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पंजाब की आम आदमी पार्टी (AAP) सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया है कि उसने राज्य के युवाओं और महिलाओं का शोषण किया है। सैनी बुधवार को पंजाब के गुरुहरसहाए स्थित डेरा बाबा राम थंमन (बाजेके) में आयोजित धार्मिक समागम में हिस्सा लेने पहुंचे थे, जहां उन्होंने संत बाबा हरमेश दास जी महाराज से आशीर्वाद भी लिया।
भर्तियों में पारदर्शिता और रोजगार का मुद्दा
मुख्यमंत्री सैनी ने कहा कि पंजाब के एक्साइज विभाग की परीक्षा में विधायकों और मंत्रियों के करीबियों को नौकरियां देने के गंभीर आरोप लगे हैं। इसके विपरीत, हरियाणा में पारदर्शी तरीके से बिना 'खर्ची और पर्ची' के युवाओं को रोजगार दिया जा रहा है और शिक्षकों की भर्तियां पूरी पारदर्शिता के साथ की गई हैं।
97 चुनावी वादे और नशे पर घेरा
सीएम सैनी ने दावा किया कि 'आप' ने पंजाब चुनाव के दौरान जनता से 97 घोषणाएं की थीं, जिनमें से एक भी पूरी नहीं की गई। उन्होंने कहा कि पंजाब को नशा मुक्त करने का वादा करने वाली सरकार के शासन में आज भी नशा धड़ल्ले से बिक रहा है और युवा इसकी चपेट में आ रहे हैं। इसके अलावा, बाढ़ प्रभावित लोगों को अब तक उचित मुआवजा न देने का आरोप भी उन्होंने लगाया।
हरियाणा मॉडल और जनकल्याणकारी योजनाएं
पंजाब सरकार की तुलना हरियाणा सरकार से करते हुए सैनी ने अपनी सरकार की उपलब्धियां गिनाईं:
महिला प्रोत्साहन: हरियाणा सरकार पहले साल से ही महिलाओं के खातों में ₹2100 डाल रही है, जबकि पंजाब में महिलाएं ₹1000 मिलने का इंतजार कर रही हैं।
सस्ता गैस सिलेंडर: हरियाणा में महिलाओं को ₹500 में रसोई गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया जा रहा है।
किसान कल्याण: हरियाणा सरकार किसानों की सभी फसलें न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर खरीद रही है।


