More
    Homeराजस्थानअलवरभर्तृहरी पैनोरमा में जन्मोत्सव कार्यक्रम सम्पन्न, 3000 से अधिक लोगों ने ग्रहण...

    भर्तृहरी पैनोरमा में जन्मोत्सव कार्यक्रम सम्पन्न, 3000 से अधिक लोगों ने ग्रहण की महाप्रसादी

    धार्मिक आयोजनों के साथ स्वास्थ्य शिविर और पुरस्कार वितरण, 225 से अधिक लोगों ने जांच का लाभ लिया

    अलवर। बुधविहार से आगे बहरोड़ रोड स्थित भर्तृहरी पैनोरमा में भर्तृहरी पैनोरमा दर्शन समिति की ओर से आयोजित दो दिवसीय महाराजा भर्तृहरी जन्मोत्सव 2026 कार्यक्रम धार्मिक आयोजनों, निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर, पुरस्कार वितरण और महाप्रसादी के साथ सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, विद्यार्थियों, शिक्षकों और आसपास के लोगों ने भाग लिया।

    कार्यक्रम संयोजक गोविन्द गोयल ने बताया कि 18 सितम्बर की शाम भर्तृहरी पैनोरमा में पूज्य सुमेर गिरी महाराज के सानिध्य में शिव-पार्वती विवाह यानी शिवजी का ब्यावला सहित धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। देर रात तक भक्तिमय संगीत का आयोजन चलता रहा। इस दौरान पंडित धर्मवीर शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे।

    निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर में 225 से अधिक लोगों की जांच

    समिति के सचिव सत्यनारायण अग्रवाल ने बताया कि 19 सितम्बर को सुबह 9 बजे से भर्तृहरी पैनोरमा में निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर लगाया गया। शिविर का आयोजन अलवर इंस्टिट्यूट ऑफ एक्यूप्रेशर एवं एक्यूपंक्चर सेंटर के रुपेश गुप्ता और कविता गुप्ता के संयोजन में किया गया।

    आयोजकों के अनुसार, शिविर में 225 से अधिक लोगों ने स्वास्थ्य जांच और परामर्श का लाभ लिया। कविता गुप्ता सहित सुन्दरलाल यादव, राजकुमार गुप्ता और नितिन यादव ने एक्यूप्रेशर एवं एक्यूपंक्चर विधि से जांच की।

    शिविर में रीढ़, घुटने, कंधे और जोड़ों के दर्द, सर्वाइकल, साइटिका, स्लिप डिस्क, गैस, कब्ज, मधुमेह, हृदय, रक्तचाप, बवासीर, माइग्रेन और थायरॉयड जैसी समस्याओं से संबंधित जांच एवं परामर्श दिया गया।

    15 विद्यालयों में हुई निबंध प्रतियोगिता

    समिति के कोषाध्यक्ष एवं पूर्व पार्षद प्रह्लाद कुमार गुप्ता ने बताया कि महाराजा भर्तृहरी की जीवनी पर आधारित निबंध प्रतियोगिता करीब 15 विद्यालयों में कनिष्ठ और वरिष्ठ वर्ग में आयोजित कराई गई थी। विभिन्न विद्यालयों में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार प्रदान किए गए।

    पुरस्कार मित्तल हॉस्पिटल के निदेशक प्रशासक एवं भारत विकास परिषद अलवर के अध्यक्ष गिरीश गुप्ता की ओर से वितरित किए गए।

    केशव आदर्श विद्या मंदिर अखैपुरा, राजकीय बालिका उच्च प्राथमिक विद्यालय नयाबास, आदर्श बाल भारती उच्च प्राथमिक विद्यालय, महात्मा गांधी बालिका विद्यालय बुधविहार और राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय शिवाजी पार्क सहित विभिन्न विद्यालयों के विजेता विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।

    महाप्रसादी में उमड़ी बड़ी संख्या में भीड़

    समिति के वरिष्ठ सदस्य रामबाबू गुप्ता ने बताया कि 19 सितम्बर को सुबह 9 बजे से महाप्रसादी का आयोजन शुरू किया गया। इसमें स्कूलों के विद्यार्थी और शिक्षक, आसपास की कच्ची बस्तियों के लोग, बुद्धविहार, हसन खान मेवात, शिवाजी पार्क सहित विभिन्न कॉलोनियों के निवासी और राहगीर शामिल हुए।

    आयोजकों के अनुसार सुबह से दोपहर करीब 3 बजे तक लगातार प्रसाद वितरण किया गया। इस दौरान 3000 से अधिक लोगों ने महाप्रसादी ग्रहण की।

    सामाजिक सहभागिता के साथ सम्पन्न हुआ आयोजन

    कार्यक्रम में विजय सोल्वेक्स के महाप्रबंधक रामप्रकाश महावर, डॉ. प्रतिभा पूनिया, रेड क्रॉस की सेंट जॉन एम्बुलेंस इंडिया अलवर के चेयरमैन गिरीश गुप्ता, संरक्षक हरीश कालरा, महिला विंग चेयरमैन आशा कालरा, डॉ. जी.एस. राठौर, लायन घनश्याम अग्रवाल और लायन सुधा अग्रवाल सहित अनेक अतिथि मौजूद रहे।

    आयोजन में रामबाबू गुप्ता, प्रह्लाद कुमार, रुपेश गुप्ता, कविता गुप्ता, सत्यनारायण अग्रवाल, लक्ष्मी अग्रवाल, गोविन्द गोयल, अनिल बंसल, सरोज बंसल, प्रदीप धामानी, विष्णु स्वामी, राजकुमार गुप्ता, मुकेश गुप्ता, सुमेर सिंह, सत्यवीर यादव, सुनील खेतावत, हरिओम मित्तल, कैलाश खंडेलवाल, पीयूष गर्ग, अतुल, अंकित और मंजुला गुप्ता सहित सेवादारों ने सहयोग किया।

    धार्मिक आयोजन, स्वास्थ्य जांच, विद्यार्थियों का सम्मान और महाप्रसादी के साथ सम्पन्न हुए इस दो दिवसीय कार्यक्रम में सामाजिक सहभागिता और सेवा का संदेश दिया गया।

    मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
    https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1

    अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क

    https://missionsach.com/category/india

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here