More
    Homeराज्यमध्यप्रदेशविद्यार्थियों के सपनों को पूरा करने के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने...

    विद्यार्थियों के सपनों को पूरा करने के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने को सरकार है संकल्पित : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

    भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भोपाल के सुभाष स्कूल में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूलों की कक्षा 12वीं के 7400 से अधिक मेधावी विद्यार्थियों को स्कूटी वितरित की। इस दौरान उन्होंने कहा कि आर्थिक तंगी या संसाधनों की कमी के कारण किसी भी प्रतिभावान छात्र की प्रगति नहीं रुकनी चाहिए।

    प्रतिभा और परिश्रम का सम्मान है स्कूटी योजना

    मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि मेधावी विद्यार्थियों को दी जा रही स्कूटी केवल आने-जाने का जरिया नहीं है, बल्कि यह उनकी मेहनत का पुरस्कार और उज्जवल भविष्य के लिए आत्मविश्वास का प्रतीक है। इस योजना का लाभ उठाने के लिए छात्रों को 12वीं की परीक्षा में प्रथम प्रयास में न्यूनतम 70 प्रतिशत अंक प्राप्त कर अपने स्कूल में प्रथम स्थान हासिल करना अनिवार्य है। सरकार छात्रों को मुफ्त किताबें, यूनिफॉर्म और साइकिलें भी मुहैया करा रही है।

    कृषि से लेकर सीए और डॉक्टर बनने का सपना देख रहे युवा

    कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कई विद्यार्थियों से संवाद किया। टॉपर खुशी राय, रवि केवट और मरियम खान ने चार्टर्ड अकाउंटेंट बनने की इच्छा जताई, जबकि मिनी जैन और खुशी यादव ने डॉक्टर बनने का लक्ष्य रखा। इसके अलावा आकाश साहू ने एग्रीकल्चर स्टार्ट-अप शुरू करने और शिव कुमार कौल ने सॉफ्टवेयर इंजीनियरिंग के क्षेत्र में आगे बढ़ने की बात कही। मुख्यमंत्री ने कहा कि किसान और सामान्य परिवारों के बच्चों की ऐसी सोच एक आत्मनिर्भर मध्यप्रदेश की तस्वीर पेश करती है।

    शिक्षा के बजट में ऐतिहासिक बढ़ोतरी

    राज्य सरकार ने शिक्षा के क्षेत्र को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। वर्ष 2002-03 में स्कूल शिक्षा विभाग का बजट महज 2600 करोड़ रुपये था, जिसे बढ़ाकर वर्ष 2025-26 में 38 हजार करोड़ रुपये कर दिया गया है। इसके अलावा प्राथमिक स्कूलों में ड्रॉप आउट दर को शून्य कर दिया गया है और सर्वसुविधायुक्त सांदीपनि विद्यालय खोले जा रहे हैं, जो प्राइवेट स्कूलों को टक्कर दे रहे हैं।

    युवाओं के हाथों में देश का सुनहरा भविष्य

    मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत आज दुनिया की चौथी सबसे आने वाली मजबूत अर्थव्यवस्था बन चुका है। देश और प्रदेश का भविष्य पूरी तरह से युवाओं के हाथों में है। इस अवसर पर स्कूल शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह और जनजातीय कार्य मंत्री डॉ. कुंवर विजय शाह समेत कई वरिष्ठ अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here