More
    Homeराजस्थानजयपुरराजस्थान निकाय चुनाव में बीजेपी की बढ़त, जयपुर और कोटा में कांग्रेस...

    राजस्थान निकाय चुनाव में बीजेपी की बढ़त, जयपुर और कोटा में कांग्रेस ने मुकाबला रखा कड़ा

    जयपुर। राजस्थान के नगरीय निकाय चुनावों के घोषित परिणामों ने राज्य की राजनीतिक तस्वीर को काफी हद तक स्पष्ट कर दिया है। प्रदेश के कुल 301 निकायों में हुए इन चुनावों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 197 निकायों में जीत दर्ज की और स्पष्ट बहुमत हासिल किया। वहीं, मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस 94 निकायों में ही अध्यक्ष पद जीतने में कामयाब रही। इसके अलावा, सात निकायों में निर्दलीय प्रत्याशियों ने बाजी मारी, जबकि आम आदमी पार्टी, राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (आरएलपी) और भाकपा (माले) को एक-एक निकाय में संतोष करना पड़ा।

    सभी सात संभागों में भाजपा का दबदबा

    समीक्षा के मुताबिक, भाजपा ने राज्य के सभी सात संभागों में कांग्रेस के मुकाबले ज्यादा अध्यक्ष पद अपने नाम किए। हालांकि, संभागवार राजनीतिक मुकाबला अलग-अलग और दिलचस्प रहा। जोधपुर संभाग में भाजपा का प्रदर्शन सबसे मजबूत और एकतरफा रहा, जबकि जयपुर और कोटा संभाग में कांग्रेस ने कड़ी टक्कर दी।

    जयपुर संभाग: सबसे कड़ा मुकाबला (भाजपा 48, कांग्रेस 39)

    राज्य के कुल 88 नगरीय निकायों वाले जयपुर संभाग में भाजपा ने 48 और कांग्रेस ने 39 सीटों पर जीत हासिल की। एक निकाय में निर्दलीय उम्मीदवार विजयी रहा। यहां दोनों दलों के बीच सबसे नजदीकी मुकाबला देखने को मिला, जहां भाजपा की हिस्सेदारी 54.5 प्रतिशत और कांग्रेस की 44.3 प्रतिशत रही। इस संभाग में अलवर, दौसा, जयपुर, झुंझुनूं, खैरथल-तिजारा, कोटपूतली-बहरोड़ और सीकर जिले शामिल हैं।

    अजमेर संभाग: भाजपा की बड़ी बढ़त

    अजमेर संभाग के 52 निकायों में से भाजपा ने 36 पर कब्जा जमाया। कांग्रेस को 14 सीटें मिलीं, जबकि एक-एक सीट निर्दलीय और आरएलपी के खाते में गई। यहां भाजपा की जीत का प्रतिशत 69.2 रहा। इस संभाग में अजमेर, ब्यावर, भीलवाड़ा, डीडवाना-कुचामन, नागौर और टोंक जिले आते हैं।

    जोधपुर संभाग: भाजपा का सबसे मजबूत प्रदर्शन

    जोधपुर संभाग भाजपा के लिए सबसे सुरक्षित और मजबूत गढ़ साबित हुआ। यहाँ के 40 निकायों में से 35 पर भाजपा ने जीत दर्ज की, जबकि कांग्रेस महज 5 सीटों पर सिमट गई। यहाँ भाजपा का जीत प्रतिशत 87.5 रहा। इस संभाग के दायरे में बालोतरा, बाड़मेर, जैसलमेर, जालोर, जोधपुर, पाली, फलोदी और सिरोही जिले शामिल हैं।

    बीकानेर संभाग: भाजपा आगे, कांग्रेस को 10 निकाय

    बीकानेर संभाग के 35 निकायों में भाजपा ने 22 और कांग्रेस ने 10 सीटों पर जीत दर्ज की। दो सीटें निर्दलीयों और एक सीट भाकपा (माले) के पाले में गई। इस क्षेत्र में बीकानेर, चूरू, श्रीगंगानगर और हनुमानगढ़ जिले शामिल हैं।

    भरतपुर संभाग: भाजपा ने जीते 23 निकाय

    भरतपुर संभाग के 32 निकायों में से भाजपा ने 23 पर जीत हासिल की। कांग्रेस को 7 और निर्दलीयों को 2 सीटों पर सफलता मिली। इस संभाग में भरतपुर, डीग, धौलपुर, करौली और सवाई माधोपुर जिले आते हैं।

    उदयपुर संभाग: आदिवासी अंचल में भी भाजपा आगे

    उदयपुर संभाग के 28 निकायों में भाजपा ने 18 और कांग्रेस ने 9 सीटें जीतीं, जबकि एक निकाय निर्दलीय के खाते में गया। बांसवाड़ा, चित्तौड़गढ़, डूंगरपुर, प्रतापगढ़, राजसमंद, सलूंबर और उदयपुर जिलों वाले इस आदिवासी बहुल अंचल में भी भाजपा कांग्रेस से काफी आगे रही।

    कोटा संभाग: भाजपा 15, कांग्रेस 10

    कोटा संभाग के कुल 26 निकायों में से भाजपा ने 15 और कांग्रेस ने 10 स्थानों पर जीत दर्ज की, वहीं एक निकाय आम आदमी पार्टी के खाते में गया।

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here