मुंबई। तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की उड़ान के दौरान हुए खतरनाक घटनाक्रम में अपनी सूझबूझ और अदम्य साहस का परिचय देते हुए 174 यात्रियों की जान सुरक्षित बचाने वाले भारतीय पायलट कैप्टन स्मिट मछार की चारों तरफ जमकर सराहना हो रही है। इस सनसनीखेज घटना के सामने आने के बाद से सोशल मीडिया पर दुनियाभर के लोग उनके इस पराक्रम और जांबाजी की प्रशंसा कर रहे हैं।
कॉकपिट में हुआ था अप्रत्याशित हमला
बुधवार को घटी इस घटना के दौरान उड़ान संख्या FZ1073 में कुल 174 यात्री सवार थे। सफर के दौरान विमान के भीतर ओमानी को-पायलट ने अचानक कॉकपिट में भारतीय कैप्टन स्मिट मछार पर चाकू से हमला कर दिया और विमान का नियंत्रण अपने हाथ में लेने की कोशिश की। इस खतरनाक संघर्ष के कारण विमान लगभग 33,000 फीट की ऊंचाई से तेजी से नीचे आते हुए 17,000 फीट तक पहुंच गया था।
कैप्टन की बहादुरी और यात्रियों की सूझबूझ
गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद कैप्टन स्मिट मछार ने हार नहीं मानी और अपनी असाधारण सूझबूझ का परिचय देते हुए कॉकपिट का दरवाजा खोल दिया। उनकी इस त्वरित कार्रवाई से यात्री और क्रू मेंबर तुरंत अंदर पहुंच गए और हमलावर को-पायलट को दबोच लिया। इसके बाद विमान को आपात स्थिति में सऊदी अरब के ताबुक हवाई अड्डे पर सुरक्षित उतार लिया गया। फिलहाल घायल कैप्टन का इलाज अबू धाबी में चल रहा है और उनकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है। सोशल मीडिया पर लोग उनके इस साहसिक कदम को 'हीरोइज्म' बताते हुए उन्हें सलाम कर रहे हैं।

