अब ड्राइविंग लाइसेंस और वाहन पंजीयन के लिए अलवर-भिवाड़ी के चक्कर नहीं, शिवपुरम कॉलोनी में शुरू हुआ परिवहन कार्यालय
खैरथल। जिलेवासियों के लिए परिवहन सेवाओं से जुड़ी बड़ी सुविधा शुरू हो गई है। अब ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन पंजीयन सहित परिवहन विभाग से संबंधित विभिन्न कार्यों के लिए लोगों को अलवर और भिवाड़ी के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। राज्य सरकार की बजट घोषणा 2025-26 के तहत स्वीकृत जिला परिवहन कार्यालय खैरथल में शिवपुरम कॉलोनी, ग्रीनलैंड होटल के पीछे इस्माइलपुर रोड पर शुरू किया गया है।
परिवहन एवं सड़क सुरक्षा विभाग की ओर से प्रशासनिक स्वीकृति मिलने के बाद कार्यालय के संचालन की प्रक्रिया पूरी की गई। जिला परिवहन अधिकारी राजीव चौधरी ने बताया कि कार्यालय का क्षेत्राधिकार खैरथल, किशनगढ़बास, हरसौली और मुंडावर तहसीलों तक रहेगा। इन क्षेत्रों के लोगों को ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन पंजीयन सहित परिवहन विभाग से जुड़ी विभिन्न सेवाएं अब स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हो सकेंगी।
अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने किया शुभारंभ
कार्यालय शुरू होने के अवसर पर पूर्व विधायक रामहेत सिंह यादव, अलवर सरस डेयरी चेयरमैन नितिन सांगवान, खैरथल नगर परिषद सभापति विक्रम सिंह चौधरी, किशनगढ़बास नगर पालिका चेयरमैन विश्वास यादव, एडवोकेट भानुप्रकाश अग्रवाल, अलवर डीटीओ रविंद्र जोशी, एआरटीओ ललित गुप्ता और खैरथल डीटीओ राजीव चौधरी सहित पार्षद, जनप्रतिनिधि, भाजपा कार्यकर्ता तथा परिवहन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
नए कार्यालय के शुरू होने से चार तहसीलों के लोगों को परिवहन विभाग से जुड़े कामों के लिए दूसरे शहरों की यात्रा करने से राहत मिलने की उम्मीद है।
खैरथल में बढ़ रहा कार्यालयों का दायरा
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक रामहेत सिंह यादव ने कहा कि जिला परिवहन कार्यालय शुरू होने के साथ खैरथल में अब 21 विभागों के कार्यालय संचालित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि शेष विभागों के कार्यालय भी जल्द स्थापित होंगे, जिससे खैरथल के विकास को गति मिलेगी।
नगर परिषद सभापति विक्रम सिंह चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की ओर से खैरथल को ग्रेटर खैरथल का दर्जा दिए जाने के बाद विकास कार्यों को गति मिली है। उन्होंने कहा कि नगर परिषद क्षेत्र के सभी वार्डों में बिना भेदभाव विकास कार्य करवाए जाएंगे।
कार्यक्रम का संचालन पार्षद जाजन मुलानी ने किया। इस दौरान पार्षद महेंद्र पाल, नारायण छंगाणी, सरदार बलबीर, प्रमिल जसोरिया, संजय जाटव सहित बड़ी संख्या में पार्षद, जनप्रतिनिधि एवं परिवहन विभाग से जुड़े अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


