गुरुग्राम। हरियाणा के गुरुग्राम में सोहना एलिवेटेड हाईवे के भोंडसी कट पर चेकिंग के दौरान अपराधियों और पुलिस के बीच तीखी झड़प का मामला सामने आया है। शनिवार देर रात तीन कारों में सवार होकर आए करीब 12 बदमाशों ने स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) की सेंट्रल यूनिट की टीम पर जानलेवा हमला कर दिया। इस हिंसक वारदात में एसटीएफ के दो जवान घायल हो गए हैं।
चेकिंग के दौरान रोकने पर भड़के बदमाश और की टक्कर
घटना शनिवार रात की है, जब एसटीएफ टीम सोहना एलिवेटेड हाईवे के भोंडसी कट पर वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इस दौरान पुलिस ने कुछ संदिग्ध गाड़ियों को रुकने का इशारा किया। रुकने के बजाय बदमाशों ने अपनी गाड़ियों की रफ्तार बढ़ा दी और एसटीएफ की आधिकारिक गाड़ी में जोरदार टक्कर मार दी। इसके बाद आरोपी कार से बाहर निकल आए और पुलिसकर्मियों के साथ हाथापाई करते हुए सरकारी वाहन के शीशे तोड़ डाले।
फायरिंग और जवाबी कार्रवाई के बाद आरोपी फरार
बात इतनी बढ़ गई कि बदमाशों ने एसटीएफ टीम पर सीधी फायरिंग शुरू कर दी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने भी आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की। पुलिस के कड़े रुख को भांपते हुए सभी हमलावर अपनी कारों समेत मौके से अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। इस पूरी झड़प में एसटीएफ के दो जवान घायल हो गए, जिन्हें तुरंत सोहना के नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, इस संबंध में भोंडसी थाने में अज्ञात हमलावरों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और तकनीकी सर्विलांस की मदद से फरार आरोपियों तथा उनकी गाड़ियों की पहचान की जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


