खेतों में लाठी-भाटा चलने से मचा हड़कंप, घायलों का कठूमर सीएचसी में उपचार; कई घायलों को उच्च केंद्र किया गया रेफर
कठूमर। थाना क्षेत्र के तिगरिया गांव में खेत के बंटवारे को लेकर एक ही परिवार के दो पक्षों के बीच विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। दोनों पक्षों में जमकर लाठी-भाटा चले, जिसमें दो महिलाओं समेत सात लोग घायल हो गए। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार तिगरिया गांव में बलवीर, पुष्पेंद्र और उनके पक्ष का सामना नाहर सिंह, रामवीर सिंह और साहब सिंह जाट के पक्ष से जमीन के बंटवारे को लेकर हुआ। दोनों पक्षों के बीच खेतों में विवाद बढ़ने के बाद मारपीट शुरू हो गई। देखते ही देखते दोनों ओर से लाठी-भाटा चलने लगे।
दो महिलाओं समेत सात घायल
मारपीट में एक पक्ष की पिंकी, सोनू, बलवीर और भूपेंद्र सिंह जाट घायल हो गए। वहीं दूसरे पक्ष से रामवीर, राधा और नाहर सिंह घायल हुए हैं।
घटना में कई लोगों को गंभीर चोटें आने की जानकारी सामने आई है। सभी घायलों को उपचार के लिए कठूमर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल कुछ लोगों को उच्च चिकित्सा केंद्र के लिए रेफर किया गया।
सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस
घटना की सूचना मिलने पर कठूमर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनाक्रम की जानकारी ली। पुलिस अस्पताल भी पहुंची और घायलों से घटना के संबंध में जानकारी जुटाई।
पुलिस द्वारा दोनों पक्षों के बीच हुए विवाद के कारणों और मारपीट की परिस्थितियों की जांच की जा रही है। जमीन बंटवारे को लेकर शुरू हुए विवाद में दोनों पक्षों की भूमिका की भी जानकारी जुटाई जा रही है।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


