More
    Homeराज्यछत्तीसगढ़सेवा संकल्प अभियान : नुक्कड़ नाटक से दिया सेवा, सामाजिक जिम्मेदारी और...

    सेवा संकल्प अभियान : नुक्कड़ नाटक से दिया सेवा, सामाजिक जिम्मेदारी और डिजिटल जागरूकता का संदेश

    रायपुर :  जीपीएम जिले में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था पेंड्रा एवं शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सरकारी पारा पेंड्रा के संयुक्त तत्वावधान में दुर्गादास राठौर चौक, बस स्टैंड पेंड्रा में जागरूकता एवं प्रेरणादायक नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया। युवाओं और विद्यार्थियों ने अपनी प्रभावी प्रस्तुतियों के माध्यम से सेवा भावना, सामाजिक जिम्मेदारी, राष्ट्रहित, सकारात्मक सोच और डिजिटल जागरूकता का संदेश दिया।

    आईटीआई पेंड्रा के प्रशिक्षणार्थियों ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से सेवा संकल्प अभियान की मूल भावना को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया। नाटक में समाज और राष्ट्र के प्रति प्रत्येक नागरिक के दायित्वों को रेखांकित करते हुए बताया गया कि सेवा, जिम्मेदारी और सकारात्मक सोच से सामाजिक बदलाव को गति दी जा सकती है। युवाओं ने अपनी सहज और रोचक प्रस्तुति के जरिए समाज निर्माण में युवा शक्ति की महत्वपूर्ण भूमिका को भी सामने रखा।

    इसी क्रम में शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सरकारी पारा पेंड्रा की छात्राओं ने प्रेरणादायक नाट्य प्रस्तुति देकर सामाजिक सरोकारों और डिजिटल जागरूकता का संदेश दिया। छात्राओं की प्रस्तुति को उपस्थित नागरिकों ने सराहा।

    इस अवसर पर अतिथियों ने विद्यार्थियों एवं प्रशिक्षणार्थियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि नुक्कड़ नाटक जैसे रचनात्मक माध्यम जनजागरूकता के लिए अत्यंत प्रभावी हैं। ऐसे आयोजनों से युवाओं में आत्मविश्वास, सामाजिक उत्तरदायित्व और सेवा भावना का विकास होता है। साथ ही उन्हें समाज और राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों को समझने तथा सकारात्मक बदलाव में सक्रिय भागीदारी निभाने की प्रेरणा मिलती है।

    कार्यक्रम में जिला शिक्षा अधिकारी रजनीश तिवारी, शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सरकारी पारा पेंड्रा की प्राचार्य मोनिका जैन, बीआरसी गौरेला संतोष सोनी, यूनिसेफ जिला समन्वयक सुसरस्वती यादव, शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था पेंड्रा के संस्था प्रमुख प्रमिल कुमार, शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था गौरेला के वरिष्ठ प्रशिक्षण अधिकारी सुरेन्द्र चतुर्वेदी सहित दोनों संस्थाओं के अधिकारी-कर्मचारी, शिक्षक, प्रशिक्षणार्थी एवं विद्यार्थी उपस्थित थे।

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here