पूर्व संसदीय सचिव रामस्वरूप कसाना के नेतृत्व मे कांग्रेस ने किया गया धरना प्रदर्शन, ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और वोट चोरी के खिलाफ खोला मोर्चा
कोटपूतली। कांग्रेस का देशव्यापी प्रदर्शन के तहत कोटपूतली मे भी पूर्व संसदीय सचिव रामस्वरूप कसाना के नेतृत्व मे कांग्रेस नेताओं व कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार एवं मुख्य निर्वाचन आयोग के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए कोटपूतली-बहरोड़ कलेक्ट्रेट कार्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया। पार्टी पदाधिकारियों ने इस दिन को ‘काले दिवस’ के रूप में मनाते हुए आरोप लगाया कि सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) चुनाव आयोग जैसी स्वायत्त संस्थाओं का दुरुपयोग कर लोकतंत्र पर हमला कर रही है।
पत्रकारों से बातचीत करते हुए कांग्रेस नेताओं ने कहा कि देश भर में करोड़ों वोट काटे जा रहे हैं और चुनावों में धांधली की जा रही है। राजस्थान के स्थानीय निकाय चुनावों और नगर परिषद प्रकरणों का उदाहरण देते हुए नेताओं ने कहा कि प्रशासन द्वारा विपक्षी प्रत्याशियों को डराने-धमकाने और लोकतंत्र की धज्जियां उड़ाने का काम किया जा रहा है।
स्थानीय कांग्रेस नेताओं ने कहा कि जब तक मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार अपने पद से इस्तीफा नहीं देते, तब तक कांग्रेस पार्टी का यह आंदोलन रुकने वाला नहीं है। उन्होंने कहा कि पुलिस और प्रशासन अब आम जनता और कानून-व्यवस्था की रक्षा करने के बजाय केवल सत्ताधीशों की कठपुतली बनकर रह गए हैं।
प्रदर्शन के दौरान नेताओं ने पूर्व प्रधानमंत्रियों – स्वर्गीय इंदिरा गांधी एवं राजीव गांधी के बलिदानों को याद करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी ने हमेशा देश और संविधान के लिए कुर्बानियां दी हैं। राहुल गांधी के नेतृत्व में पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता संविधान, लोकतंत्र और देश के युवाओं के भविष्य को बचाने के लिए सड़कों पर उतरकर लड़ाई लड़ने और हर प्रकार का बलिदान देने के लिए तैयार है।
कलेक्टर कार्यालय पर प्रदर्शन के दौरान पुलिस का भारी जाप्ता तैनात किया गया। प्रदर्शन के बाद कांग्रेस का एक प्रतिनिधि मंडल ने जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौपा।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क

