जलगांव: महाराष्ट्र के जलगांव जिले से एक बेहद सनसनीखेज और चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक नई-नवेली दुल्हन ने शादी के महज तीसरे दिन ही अपने पति और परिवार के तीन अन्य सदस्यों को खाने में जहर मिलाकर जान से मारने की कोशिश की। इस गंभीर घटना के सामने आने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके से भागने की कोशिश कर रही आरोपी दुल्हन और उसकी एक अन्य महिला साथी को धर दबोचा है।
गहने और शादी में मिले नकदी लेकर हुई फरार
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह घटना जलगांव जिले के परोला तालुका के वेल्हाने गांव की है। बीते 7 अक्टूबर को 32 वर्षीय एक युवक की शादी हुई थी। आरोप है कि शादी के ठीक दो दिन बाद यानी 9 अक्टूबर को दुल्हन ने साजिश के तहत अपने पति और परिवार के अन्य सदस्यों के खाने में चूहे मारने की खतरनाक दवा मिला दी। इसके बाद, मौका पाकर दुल्हन एक अन्य महिला के साथ घर में रखे कीमती गहने और शादी में मिले नकदी रुपये लेकर वहां से फरार हो गई।
जब परिवार के सदस्यों की अचानक तबीयत बिगड़ने लगी, तब जाकर इस खतरनाक साजिश का खुलासा हुआ। घर के बुजुर्ग जोड़े की हालत ज्यादा खराब होने पर उन्हें तुरंत इलाज के लिए धुले के एक सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की गंभीरता को देखते हुए फौरन जांच शुरू कर दी।
ग्रामीणों के विरोध के बाद पुलिस के हत्थे चढ़ी लूटेरी दुल्हन
इस गंभीर वारदात के बाद स्थानीय ग्रामीणों और पीड़ित परिवार के सदस्यों में भारी आक्रोश फैल गया। लोगों ने दोनों महिलाओं को तुरंत गिरफ्तार करने और कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग को लेकर पुलिस थाने के बाहर सड़क पर जाम लगा दिया।
ग्रामीणों के कड़े विरोध और दबाव के बाद पुलिस हरकत में आई और तलाशी अभियान चलाते हुए भागने की फिराक में जुटी दोनों महिलाओं को धुले जिले के निमगुल गांव के पास से हिरासत में ले लिया।
झारखंड से जुड़ा है आरोपियों का तार
पकड़ी गई आरोपी दुल्हन और उसकी साथी से पूछताछ के बाद कई चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। पुलिस ने बताया कि मुख्य आरोपी दुल्हन मूल रूप से झारखंड की रहने वाली है, और उसका साथ देने वाली महिला भी वहीं की निवासी है। इन दोनों महिलाओं के नाम सुमन सुभाष साहनी और आरती सूर्याक्ष पटेल बताए गए हैं।
प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि जलगांव के परोला क्षेत्र के रहने वाले युवक ने दूसरे राज्य की इस युवती से कथित तौर पर ढाई लाख रुपये (2.5 लाख) देकर शादी की थी। फिलहाल पुलिस दोनों महिलाओं से गहन पूछताछ कर रही है और उनके आपराधिक पृष्ठभूमि की भी जांच की जा रही है।


