चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर नेता प्रतिपक्ष के सवाल, केंद्र सरकार पर लोकतांत्रिक आवाज दबाने का आरोप
नई दिल्ली/अलवर। कांग्रेस नेता एवं राजस्थान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने दिल्ली कूच के आह्वान को लेकर केंद्र की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। जूली ने आरोप लगाया कि सरकार विरोध की आवाज को रोकने के लिए सरकारी तंत्र का इस्तेमाल कर रही है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता और जनप्रतिनिधि किसी भी रोक-टोक से पीछे हटने वाले नहीं हैं और दिल्ली कूच करके लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज बुलंद कर रहे है।
जूली ने कहा कि राहुल गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और इंडिया गठबंधन के आह्वान पर राजस्थान सहित देशभर के कांग्रेस कार्यकर्ता और जनप्रतिनिधि दिल्ली पहुंचे है।

उन्होंने आरोप लगाया कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन में शामिल होने वाले लोगों को रोकना लोकतांत्रिक अधिकारों पर सवाल खड़े करता है। लोकतंत्र में असहमति और विरोध के लिए जगह होनी चाहिए, लेकिन सरकार विरोध की आवाज को दबाने की कोशिश कर रही है।
चुनाव आयोग की भूमिका पर उठाए सवाल
नेता प्रतिपक्ष ने सीईसी ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग करते हुए चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाया।
उन्होंने कहा कि एक संवैधानिक संस्था के रूप में आयोग को अपनी निष्पक्षता और विश्वसनीयता बनाए रखनी चाहिए। विपक्ष की ओर से उठाए जा रहे सवालों और सुप्रीम कोर्ट की टिप्पणियों पर आयोग को स्वयं तथ्यात्मक जवाब देना चाहिए। जूली ने आरोप लगाया कि महत्वपूर्ण सवालों पर भाजपा नेताओं के जरिए जवाब दिलाने से आयोग की स्वतंत्र भूमिका को लेकर संदेह पैदा होता है।
लोकतंत्र में आवाज दबाने की कोशिश बर्दाश्त नहीं
जूली ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि विरोध करना और सरकार से सवाल पूछना लोकतंत्र का अधिकार है। उन्होंने आरोप लगाया कि परिवहन सहित सरकारी व्यवस्थाओं का इस्तेमाल प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए किया जा रहा है। उन्होंने आपातकाल के दौर का उल्लेख करते हुए मौजूदा हालात पर सवाल खड़े किए और कहा कि लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा करना सरकार की जिम्मेदारी है, न कि विरोध करने वालों के रास्ते में बाधाएं खड़ी करना।
राजस्थान से हजारों कार्यकर्ता पहुंचे दिल्ली
टीकाराम जूली ने कहा कि राजस्थान सहित देशभर से बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और जनप्रतिनिधियो ने दिल्ली कूच किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं के उत्साह का जिक्र करते हुए कहा कि विरोध की आवाज को रोकने के लिए की जा रही कोशिशें आंदोलन के संकल्प को कमजोर नहीं कर पाई।
जूली ने चेतावनी भरे अंदाज में कहा कि भाजपा की तानाशाही और गुंडागर्दी ज्यादा दिन नहीं चलेगी। विरोध की आवाज को दबाने के लिए सरकार जितनी भी रोक-टोक कर ले, जेलें छोटी पड़ जाएंगी।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस लोकतांत्रिक अधिकारों, निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया और जनता की आवाज उठाने के मुद्दों पर अपना संघर्ष जारी रखेगी।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


