भोपाल। विद्युत एवं इलेक्ट्रॉनिक्स उद्योग को नए व्यावसायिक अवसरों से जोड़ने तथा भारत के ऊर्जा क्षेत्र की क्षमताओं को वैश्विक मंच पर प्रदर्शित करने के उद्देश्य से इंडियन इलेक्ट्रिकल एंड इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरर्स एसोसिएशन (आईईईएमए) ने भोपाल में 'ELECRAMA 2027' के रोड शो का भव्य आयोजन किया। इस कार्यक्रम में मध्य प्रदेश के ऊर्जा क्षेत्र और क्षेत्रीय उद्योगों की भागीदारी बढ़ाने के साथ-साथ औद्योगिक विकास की संभावनाओं पर विशेष जोर दिया गया।
जर्मनी होगा पार्टनर कंट्री
आईईईएमए के पश्चिमी क्षेत्रीय परिषद के अध्यक्ष संजय कुलकर्णी ने कहा कि मध्य प्रदेश ने विद्युत क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है। ELECRAMA 2027 भारतीय ऊर्जा उद्योग की संभावनाओं, नवाचार और तकनीकी विकास को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रस्तुत करने का एक महत्वपूर्ण अवसर है। वहीं, आईईईएमए के मध्य प्रदेश संयोजक एवं आईबीडी चेयरमैन मिहिर मर्चेंट ने बताया कि यह आयोजन भारतीय विद्युत उद्योग को वैश्विक पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने जानकारी दी कि ELECRAMA 2027 में जर्मनी आधिकारिक रूप से साझेदार देश (पार्टनर कंट्री) होगा, जिससे अंतरराष्ट्रीय सहभागिता और औद्योगिक सहयोग को काफी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
1,100 प्रदर्शक और पांच लाख आगंतुकों की संभावना
अंतरराष्ट्रीय स्तर का यह विशाल आयोजन 20 से 24 फरवरी 2027 तक प्रस्तावित है। आयोजकों के अनुसार, इस प्रदर्शनी में 1,100 से अधिक प्रदर्शकों और लगभग पांच लाख आगंतुकों के शामिल होने की संभावना है। आयोजन के दौरान 25 हजार से अधिक व्यावसायिक (बिजनेस-टू-बिजनेस) बैठकों, 500 से अधिक आमंत्रित खरीदारों और 10 से अधिक देशों के विशेष पवेलियन बनाने की योजना है। यह मंच विद्युत उत्पादन, पारेषण, वितरण, नवीकरणीय ऊर्जा और संबंधित तकनीकों से जुड़े उद्योगों को अपने नए उत्पादों और नवाचारों को प्रदर्शित करने का अवसर देगा।
वर्ष 1948 में स्थापित आईईईएमए (IEEMA) देश में विद्युत उपकरण निर्माताओं का शीर्ष संगठन है। भोपाल में आयोजित इस रोड शो के माध्यम से मध्य प्रदेश के स्थानीय विद्युत एवं इलेक्ट्रॉनिक्स क्षेत्र से जुड़े उद्यमों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नए संपर्क, तकनीकी ज्ञान और कारोबार विस्तार की अपार संभावनाएं तलाशने के लिए प्रेरित किया गया।


