मेघनाथ-कुंभकरण के पुतलों का भी होगा दहन, सभापति विक्रम सिंह चौधरी की पहल पर तैयारियां शुरू
, खैरथल। खैरथल में इस बार दशहरा उत्सव भव्यता और धूमधाम के साथ मनाया जाएगा। नगर परिषद सभापति विक्रम सिंह चौधरी की पहल पर आयोजित होने वाले उत्सव में 51 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन किया जाएगा। इसके साथ मेघनाथ और कुंभकरण के पुतलों का दहन तथा शानदार आतिशबाजी आयोजन का प्रमुख आकर्षण रहेगी। पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में होने वाले इस कार्यक्रम में भगवान श्रीराम, माता जानकी सहित रामदल की भव्य रथयात्रा भी निकाली जाएगी।
धार्मिक आस्था के साथ दिखेगी सांस्कृतिक परंपरा
नगर परिषद सभापति विक्रम सिंह चौधरी ने कहा कि दशहरा भारतीय संस्कृति और आस्था का महत्वपूर्ण पर्व है। यह बुराई पर अच्छाई, असत्य पर सत्य और अधर्म पर धर्म की विजय का संदेश देता है। खैरथल में इस पर्व को उत्साह, उमंग और आपसी भाईचारे के साथ मनाने के लिए भव्य आयोजन की तैयारियां की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि नगर परिषद का प्रयास है कि शहरवासियों को ऐसा उत्सव देखने को मिले, जिसमें धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक परंपराओं की झलक भी दिखाई दे।

चौधरी ने बताया कि भगवान श्रीराम और माता जानकी की रथयात्रा उत्सव का विशेष आकर्षण रहेगी। रथयात्रा रावण दहन स्थल तक पहुंचेगी, जहां परंपरानुसार रावण, मेघनाथ और कुंभकरण के पुतलों का दहन किया जाएगा। इसके साथ होने वाली आतिशबाजी उत्सव की भव्यता बढ़ाएगी।
व्यवस्थाओं को लेकर अधिकारियों से समन्वय
सभापति ने बताया कि मेले में आने वाले लोगों की सुविधा के लिए दुकानों को व्यवस्थित तरीके से लगवाने, यातायात सुचारू रखने और पार्किंग की व्यवस्था पर ध्यान दिया जाएगा। इसके लिए संबंधित अधिकारियों के साथ समन्वय किया जाएगा। उन्होंने शहरवासियों से परिवार सहित आयोजन में भाग लेने और आपसी प्रेम, सद्भाव एवं भाईचारे के साथ उत्सव को सफल बनाने की अपील की। साथ ही प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करने और व्यवस्थाएं बनाए रखने में सहयोग देने का आग्रह किया।
सुरक्षा और आपातकालीन सुविधाओं पर रहेगा ध्यान
नगर परिषद खैरथल के आयुक्त मुकेश शर्मा ने बताया कि दशहरा उत्सव को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए आवश्यक इंतजाम किए जाएंगे। फायर ब्रिगेड, एंबुलेंस और अन्य आपातकालीन सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए संबंधित विभागों से समन्वय किया जाएगा। भीड़ प्रबंधन, यातायात नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
आयुक्त ने कहा कि मेले में आने वाले नागरिकों की सुरक्षा प्रशासन की प्राथमिकता है। दुकानों को निर्धारित स्थानों पर लगवाने और लोगों के आवागमन को सुगम बनाने के लिए भी प्रबंध किए जाएंगे। उन्होंने नागरिकों से प्रशासन का सहयोग करने और सुरक्षा संबंधी निर्देशों का पालन करते हुए दशहरा पर्व को हर्षोल्लास एवं शांतिपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की।

