More
    Homeधर्म-समाजश्री बाबाधाम में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब, 1100 कन्याओं का पूजन

    श्री बाबाधाम में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब, 1100 कन्याओं का पूजन

    नवरात्र महोत्सव में अष्टधातु मूर्ति का निकला भव्य भ्रमण, महाआरती में गूंजे माता रानी के जयकारे

    भीलवाड़ा। श्री बाबाधाम में 11 से 20 अक्टूबर तक आयोजित नवरात्र महोत्सव का समापन मंगलवार को पूर्णाहुति, कन्या पूजन, अष्टधातु की माताजी की मूर्ति के भव्य भ्रमण और महाआरती के साथ हुआ। श्री बाबाधाम के अध्यक्ष विनीत अग्रवाल के सानिध्य में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु, जनप्रतिनिधि, समाजसेवी और धर्मप्रेमी शामिल हुए। पूरे आयोजन के दौरान माता रानी के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा।

    नवरात्र महोत्सव के दौरान श्री बाबाधाम मंदिर परिसर को विशेष विद्युत सजावट और रंग-बिरंगे फूलों से आकर्षक रूप से सजाया गया। नौ दिनों तक माताजी का विशेष श्रृंगार किया गया। प्रतिदिन सुबह आरती के बाद 9:15 बजे से हवन एवं पूजन हुआ। श्रद्धालुओं ने यज्ञ में आहुतियां देकर परिवार की सुख-समृद्धि और मनोकामना पूर्ति की कामना की।

    पूर्णाहुति के साथ संपन्न हुआ हवन-यज्ञ

    नवरात्र महोत्सव के अंतिम दिन सुबह 9:15 बजे आचार्य गोविंद गौतम एवं अन्य पंडितों के सानिध्य में हवन-यज्ञ की पूर्णाहुति कराई गई। इसके बाद आरती हुई। नौ दिनों तक यज्ञशाला में नियमित रूप से हवन-पूजन किया गया, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लेकर धर्मलाभ प्राप्त किया।

    1100 कन्याओं का पूजन कर दिया सामाजिक संदेश

    नवमी के अवसर पर पूर्णाहुति के बाद कन्या पूजन का आयोजन किया गया। अध्यक्ष विनीत अग्रवाल ने कन्याओं के पैर धोकर तिलक लगाया, उन्हें माता की चुनरी ओढ़ाई और फल भेंट किए। इसके बाद कन्याओं को भोजन प्रसादी कराई गई।

    आयोजन के दौरान 1100 कन्याओं को भोजन कराया गया। साथ ही कन्याओं के माता-पिता को बुलाकर बेटियों को बचाने, पढ़ाने और उन्हें आत्मरक्षा के लिए सक्षम बनाने का संकल्प दिलाया गया। धार्मिक आयोजन के साथ समाज में बेटियों के सम्मान, शिक्षा और सुरक्षा का संदेश दिया गया।

    कार्यक्रम में विधायक अशोक कोठारी, नगर निगम महापौर जसवंत कंवर, उपमहापौर राधेश्याम सोमानी, गांधीनगर थाने से पुष्पा कसौटिया, पार्षद मिथलेश देवी, पार्षद राजलक्ष्मी, वार्ड संख्या 29 की पार्षद खुशबू कमल कोठारी, समाजसेवी मदन गोपाल कालरा, विधायक कार्यालय से बाबूलाल टांक, कमल कोठारी और समाजसेविका अपर्णा शर्मा सहित अनेक जनप्रतिनिधि, समाजसेवी एवं धर्मप्रेमी उपस्थित रहे।

    अष्टधातु की माताजी की मूर्ति का निकला भव्य भ्रमण

    दोपहर 3:15 बजे अष्टधातु से निर्मित माताजी की मूर्ति का ढोल-नगाड़ों, आतिशबाजी और गुलाल के बीच श्रद्धापूर्वक भ्रमण निकाला गया। नवरात्र महोत्सव में घट स्थापना के अवसर पर इस मूर्ति की स्थापना की गई थी। नौ दिनों तक यज्ञशाला में हवन-पूजन के साथ माताजी की आराधना की गई।

    मूर्ति भ्रमण में श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और माता रानी के जयकारे लगाए। भ्रमण के बाद मंत्रोच्चार, हवन और पूजन के साथ अष्टधातु की मूर्ति को श्री बाबाधाम मंदिर में लाया गया, जहां उसकी पूजा-अर्चना की गई। मूर्ति के दर्शन करने के लिए श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह रहा। सैकड़ों भक्तों ने दर्शन किए और तस्वीरें लीं।

    आयोजन से जुड़े लोगों के अनुसार, आगामी वर्षों में भी इसी अष्टधातु की मूर्ति के साथ नवरात्र में घट स्थापना की जाएगी।

    महाआरती में हजारों श्रद्धालुओं ने लिया भाग

    शाम 7:15 बजे श्री बाबाधाम में भव्य महाआरती हुई। इसके बाद तलवार का झाड़ा लगाया गया। इस दौरान हजारों धर्मप्रेमी उपस्थित रहे। माता रानी के जयघोष से मंदिर परिसर गूंज उठा और पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।

    श्री बाबाधाम में नौ दिनों तक चले नवरात्र महोत्सव का समापन धार्मिक अनुष्ठानों, कन्या पूजन, सामाजिक संकल्प और महाआरती के साथ हुआ। श्रद्धालुओं ने माता रानी के दर्शन कर धर्मलाभ प्राप्त किया और सुख-समृद्धि की कामना की।

    मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
    https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1

    अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क

    https://missionsach.com/category/india

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here